किसान ने बेटी और खुद को मारी गोली

किसान ने न सिर्फ जवान बेटी को गोली मार दी बल्कि खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या करने की कोशिश

Update: 2017-07-10 06:30 GMT

सहारनपुर में आर्थिक तंगी से जूझ रहे किसान ने न सिर्फ जवान बेटी को गोली मार दी बल्कि खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या करने की कोशिश की है। गोली लगने से घायल हुए बाप बेटी को बेटे ने पड़ोसियों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां से पिता को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया है जबकि घायल बेटी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि किसान जवान बेटी की शादी करने को लेकर परेशान चल रहा था। जिसके चलते उसने आत्महत्या करने का मन बना लिया लेकिन जैसे ही परेशान पिता खुद गोली मार रहा था तो पिता के हाथ बचाने आई बेटी को भी कई गोलियां लग गई। बावजूद इसके पिता ने बेटी को बचाने की बजाए खुद की छाती में भी गोली मार ली।

घटना थाना बेहट इलाके के बबैल बुजुर्ग की है जहां आर्थिक तंगी से जूझ रहे किसान जमशेद पुंडीर ने आत्महत्या करने के इरादे से खुद को गोली मार ली। लेकिन पिता को खुद को गोली मारते देख 21 साल की बेटी रजनी पिता को आत्महत्या करने से रोक रही थी। तमंचा छीनने को लेकर पिता और बेटी के बीच हाथापाई हो गई। हाथापाई में गोली चल गई जो रजनी की टांग में लगी बावजूद इसके वह जमशेद को रोकने के लिए लड़ती रही। इतना ही नहीं पिता द्वारा चलाई गई चार गोलियां रजनी को लगी जिससे वह वहीँ बेहोश हो गई। इसके बाद परेशां पिता ने खुद की छाती में गोली मार ली। इतने में गोलियों की आवाज सुनकर आस पास के पडोसी वहां आ गए।
पड़ोसियों ने फोन करके उनके बेटे अभिषेक को इसकी जानकारी दी और घायल बाप बेटी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां से डॉक्टरों ने जमशेद को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि चार साल पहले बीमारी के चलते जमशेद की पत्नी की मौत हो गई थी। जिसके इलाज लिए उसने अपनी जमीन तक बेच दी थी। जमीन बिकने के बाद जमशेद की आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई थी। जिसके चलते अब वह 21 साल की बेटी की शादी को लेकर परेशान और तनाव में रह रहा था।
जमशेद के एक बेटा और एक बेटी है। आज दोपहर बेटे के बाहर जाने के बाद जमशेद ने आत्महत्या करने का मन बना लिया और एक कमरे में जाकर खुद को गोली मार ही रहा था कि रजनी वहां आ गई। जिसके बाद बेटी पिता को आत्महत्या करने से रोकती रही और पिता गोली चलाता रहा। गोली लगने बाप बेटी दोनों घायल हो गए। रजनी जिला अस्पताल में भर्ती है वहीँ जमशेद को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। उधर पुलिस मामले की तहरीर नहीं आने की बात कहकर कन्नी काट रही है। 

Similar News