चुनाव से पहले BJP को बड़ा झटका, अब राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा, बताई वजह

राजस्थान और मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी में बड़े फेरबदल होते नजर आ रहे हैं। खबर आ रही है राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।;

Update: 2018-04-18 09:29 GMT

जयपुर : राजस्थान और मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी में बड़े फेरबदल होते नजर आ रहे हैं। अब खबर आ रही है राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

मीडिया से बातचीत करते हुए अशोक परनामी ने बताया कि उन्होंने व्यक्तिगत व्यस्तताओं के चलते अपने पद से इस्तीफा दिया है। उन्होंने कहा कि बीते 16 अप्रैल को ही उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को अपना त्यागपत्र भेज दिया था।

मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने आगे कहा कि पार्टी का कार्यकर्ता होने के नाते मैंने हमेशा पद की गरिमा बनाए रखी और आगे भी पार्टी का कार्यकर्ता होने की जिम्मेदारी निभाता रहूंगा। इस्तीफे के बाद वह मोतीडूंगरी मंदिर गए और दर्शन किया।

पिछले कई दिनों से पार्टी नेतृत्व में बदलाव की चर्चा चल रही थी और प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए पार्टी के कई नेताओं के नाम सियासी गलियारों सुर्खियों में थे। हालांकि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी संगठनात्मक नियुक्ति पत्र में उन्हें राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य नियुक्त किया गया है।

उधर, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की ओर से जबलपुर से सांसद राकेश सिंह मध्य प्रदेश बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं। उन्हें नंदकुमार चौहान के प्रदेश अध्यक्ष पद से हटने के बाद यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Similar News