विश्व कैडेट कुश्ती प्रतियोगिता: भारत की सोनम ने जीता स्वर्ण पदक, नीलम को मिला कांस्य

Update: 2017-09-08 13:34 GMT

नई दिल्ली : भारत की महिला पहलवान सोनम ने एथेंस में चल रही विश्व कैडेट कुश्ती प्रतियोगिता में महिलाओं के 56 किग्रा भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुये स्वर्ण पदक हासिल कर लिया है जो मौजूदा टूर्नामेंट में देश का पहला पीला पदक भी है। सोनम ने जापान की सेना नागोमोतो को हराकर स्वर्ण पदक जीता है।

पंद्रह वर्षीय सोनम ने अपनी 17 वर्षीय जापानी प्रतिद्वंद्वी को आसानी से 3-1 से हराया। इससे पहले सेमीफाइनल में उन्होंने स्वीडन की एम्मा डायना जोनसेन को 11-8 से पराजित किया था।

एनो लाइयोसिया ओलंपिक हॉल में चल रही प्रतियोगिता के चौथे दिन भी भारतीय पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा और सोनम ने देश की उम्मीदों को फीका नहीं होने दिया। साथ ही नीलम ने 43 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया है। नीलम ने 43 किग्रा भार वर्ग में रोमानिया की रोक्साना अलेक्सांद्रा को अंकों के आधार पर 6-4 से पराजित करके कांसे का तमगा अपने नाम किया।

भारत की एक अन्य महिला पहलवान अंशू भी स्वर्ण पदक की दौड़ में बनी हुई है। उन्होंने 60 किग्रा भार वर्ग में हंगरी की इरिका बोगनार को हराकर फाइनल में जगह बनायी जहां उनका सामना जापान की नाओमी रूइके से होगा। साथ साथ भारत की चार अन्य महिला पहलवान सिमरन (40 किग्रा), मनीषा (46 किग्रा), मीनाक्षी (52 किग्रा) और करूणा (70 किग्रा) भी सेमीफाइनल में हारने के कारण कांस्य पदक की दौड़ में बनी हुई हैं।

Similar News