मुश्किल में फंसे ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान स्टीव स्मिथ, जाएगी कप्तानी!

ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को निर्देश दिया है कि स्मिथ को वह कप्तानी से हटा दे?;

Update: 2018-03-25 07:56 GMT
नई दिल्ली : साउथ अफ्रीका के खिलाफ केप टाउन में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट में बॉल टैंपरिंग के आरोपों में फंसे ऑस्ट्रेलियाई कप्तान अब मुश्किल में फंसते दिख रहे हैं। अब खबर यह आ रही है कि ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को निर्देश दिया है कि स्मिथ को वह कप्तानी से हटा दे। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री मेलकॉम टर्नबुल ने इस घटना को दुखद बताते हुए इसे 'शर्मनाक' करार दिया था।
केप टाउन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के युवा क्रिकेटर कैमरन बैनक्रॉफ्ट बॉल के साथ छेड़छाड़ करते पाए गए। इस घटना के बाद ऑस्ट्रेलियन स्पोर्ट्स कमिशन (ASC) के अध्यक्ष जॉन विली और ASC के सदस्य और CEO केट पामर ने ऑस्ट्रेलियाई सरकार की ओर से इस घटना की तीखी निंदा की है। ऑस्ट्रेलियन स्पोर्ट्स कमिशन (ASC) ने अपने एक बयान में कहा, 'ASC किसी भी खेल में चीटिंग को निंदनीय मानती है। ASC ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों और ऐथलीट्स से आशा करती है कि जब वे अपने देश का प्रतिनिधित्व करें, तो वे मैदान पर खेल भावना का प्रदर्शन करें।'
इस घटना पर दुख जताते हुए ASC ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को यह निर्देश दे दिया है कि वह स्टीव स्मिथ को कप्तानी से हटा दे। इसके अलावा ASC ने टीम लीडरशिप और कोचिंग स्टाफ के खिलाफ भी कार्रवाई करने को कहा है, जो इस घटनाक्रम में शामिल रहे हैं। बता दें कि तीसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ ने यह माना था कि जब उनकी टीम मैच में पिछड़ती दिख रही थी, तो उनकी टीम के लीडरशिप ग्रुप ने बॉल टैंपरिंग का यह प्लान बनाया था। इस प्लान को अंजाम देने की जिम्मेदारी युवा क्रिकेटर कैमरन बैनक्रॉफ्ट को सौंपी गई थी। बता दें स्मिथ ने इस प्रकरण किसी खिलाड़ी का नाम लेने से साफ मना कर दिया।
इस प्रकरण पर ऑस्ट्रेलियाई सरकार की ओर यह बयान तब आया है, जब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी जेम्स सदरलैंड ने कहा कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया केप टाउन टेस्ट में बॉल टैंपरिंग विवाद पर जांच करवाएगी। रविवार सुबह जेम्स सदरलैंड ने मेलबर्न में यह बयान दिया, 'आज सुबह उठकर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट फैन्स को जो अपनी टीम से जुड़ी जो खबर मिल रही है, वह उनके लिए गर्व करने वाली नहीं है। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के लिए यह निराशाभरा दिन है।'
उन्होंने कहा, 'कल मैदान पर ऑस्ट्रेलियाई टीम ने जो कुछ भी किया, वह न तो खेल के नियमों के लिहाज से सही था और न ही यह खेल भावना के लिहाज से सही था। इस घटना से क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया बेहद दुखी है और उससे भी ज्यादा उसके फैन्स हैं।' 

Similar News