149 रनों की जबरदस्त पारी के बाद भी खुश नहीं कप्तान कोहली , कहा - एडिलेड का शतक यादगार
कप्तान कोहली ने एजबेस्टन में हो रहे पहले टेस्ट मैच में शानदार शतक जमाकर भारत को बरकरार रखा है.;
नई दिल्ली : कप्तान कोहली ने एजबेस्टन में हो रहे पहले टेस्ट मैच में शानदार शतक जमाकर भारत को बरकरार रखा है. लेकिन कप्तान कोहली ने अपनी इस शानदार पारी को एडिलेड में चार साल पहले खेली गयी पारी के बाद दूसरे नंबर पर रखा है. कोहली ने 149 रनों की पारी खेलने के बाद बीसीसीआई टीवी से कहा,' मुझे नहीं पता. यह एडिलेड की पारी के बाद दूसरे नंबर पर रहेगी. एडिलेड की पारी मेरे लिए बहुत खास है. वह दूसरी पारी थी और हम पांचवें दिन 364 रन के लक्ष्य का पीछा कर रहे थे.'
उन्होंने कहा,'मेरे दिमाग में साफ था कि हमें लक्ष्य हासिल करना है. यह सोचकर बहुत अच्छा लगता है. मैं उस पारी को लेकर बहुत खुश हूं.' कोहली ने दोनों पारियों में शतक जमाए थे, लेकिन भारत 48 रनों से हार गया था. चार साल पहले कप्तान कोहली ने इंग्लैंड दौरे पर सिर्फ 135 रन ही बनाए थे. उन्होंने कहा,'यह सिर्फ पहले मैच में शतक की बात नहीं है, बल्कि इस लय को बरकरार रखना जरूरी है. मैं आउट होने से बहुत निराश था, क्योंकि हम 10-15 रन की बढ़त बना सकते थे. मैं अपनी तैयारियों से खुश हूं और दुनिया की परवाह नहीं करता.'
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज़ जेम्स एंडरसन ने इस बार भी कोहली को परेशान करने की कोशिश की , लेकिन असफल रहे. कोहली ने कहा,'यह कठिन था, लेकिन मैने खुद से कहा कि इस चुनौती का लुत्फ उठाना जरूरी है. यह मानसिक और शारीरिक ताकत की परीक्षा थी, लेकिन मुझे खुशी है कि हम उनके स्कोर के करीब पहुंचे.'