श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में जगह नहीं मिलने पर हार्दिक पांड्या का बड़ा बयान

श्रीलंका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को नहीं चुने जाने पर खुद हार्दिक पांड्या ने सेलेक्शन न होने की वजह का खुलासा किया है...;

Update: 2017-11-14 12:04 GMT

नई दिल्ली: श्रीलंका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को नहीं चुने जाने पर खुद हार्दिक पांड्या ने सेलेक्शन न होने की वजह का खुलासा किया है।

भारतीय टीम से गैरमौजूदगी पर भ्रम की स्थिति को साफ करते हुए आलराउंडर हार्दिक पंड्या ने बताया कि उन्होंने टीम प्रबंधन से स्वयं आराम का आग्रह किया था क्योंकि वह शत प्रतिशत फिट महसूस नहीं कर रहे थे।

दरअसल हार्दिक पंड्या को पहले टीम में शामिल किया गया था, लेकिन फिर उन्हें आराम दे दिया गया। बीसीसीआई की प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट नहीं किया गया कि थकान या चोट के कारण ऐसा किया गया है या नहीं।

जिसके बाद हार्दिक पांड्या ने एक न्यूज़ चैनल से कहा कि ईमानदारी से कहूं तो मैंने इसकी मांग की थी, शरीर को थोड़ी दिक्कतों के कारण उन्होंने ही बोर्ड से आराम मांगा था। मैं जितना क्रिकेट खेल रहा था उसके कारण मुझे छोटी मोटी चोटें लग रही थी। मैं उस समय क्रिकेट खेलना चाहता हूं जब मैं इसके लिए पूरी तरह से तैयार रहूं, जब मैं अपना शत प्रतिशत दे सकूं।

पंड्या ने कहा कि वह इस समय का सदुपयोग फिटनेस को सुधारने में करेंगे ताकि दक्षिण अफ्रीका दौरे पर अपनी क्षमता का सही इस्तेमाल कर सकें। भारत, दक्षिण अफ्रीका दौरे पर तीन टेस्ट, छह वनडे और तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेलेगा। पांड्या ने कहा कि वह सीरीज से पहले सकारात्मक बने रहेंगे और अच्छा प्रदर्शन करेंगे।

हार्दिक पंड्या से जब करियर में टर्निंग प्वांइट के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "मुझे जब मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलने का मौका मिला वो मेरे करियर का टर्निग प्वांइट था। इसके बाद मैंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।"

Similar News