वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर 7वें नंबर पर पहुंचे जसप्रीत बुमराह
आईसीसी की ओर से जारी की गई ताजा रैंकिंग में जसप्रीत बुमराह को 9 स्थान का फायदा हुआ है, और 774 अंकों के साथ वह 7वें स्थान पर पहुंच गए हैं.;
नई दिल्ली : आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के अपने पहले मैच में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की. वही एंटीगा में हुए इस मैच में रिकॉर्ड प्रदर्शन करने वाले जसप्रीत बुमराह को उनके प्रदर्शन का फायदा आईसीसी (ICC) की टेस्ट रैंकिंग में भी मिला है. इस हफ्ते जारी की गई ताजा रैंकिंग में जसप्रीत बुमराह ने जबरदस्त छलांग लगाते हुए पहली बार टॉप 10 में जगह बनाई है. आईसीसी की ओर से जारी की गई ताजा रैंकिंग में जसप्रीत बुमराह को 9 स्थान का फायदा हुआ है, और 774 अंकों के साथ वह 7वें स्थान पर पहुंच गए हैं.
जसप्रीत बुमराह ने विंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट की अंतिम पारी में पांच विकेट लिए थे. यह टेस्ट करियर में चौथा मौका था जब उन्होंने पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट लिए थे. इसके साथ ही जसप्रीत बुमराह साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज में पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा करने वाले पहले एशियाई बोलर भी बन गए.
जसप्रीत बुमराह के प्रदर्शन के दम पर भारत ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में जीत के साथ शुरुआत की, वहीं बल्लेबाजों में दूसरी पारी में शतक लगाने वाले टेस्ट टीम के उपकप्तान अजिंक्य रहाणे एक स्थान के फायदे के साथ 10वें पायदान पर पहुंच गए हैं. अजिंक्य रहाणे ने एंटीगा में अपने करियर का 10वां टेस्ट शतक लगाया था.
वहीं गेंदबाजों की रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस अब भी टॉप पर बरकरार हैं. वह 908 अंकों के साथ नंबर एक पर काबिज हैं. वहीं साउथ अफ्रीका के कगिसो रबाडा 851 अंकों के साथ दूसरे और जेम्स एंडरसन 814 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर हैं. न्यूजीलैंड के बाएं हाथ तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने एक बार फिर टॉप 5 में जगह बनाई है.
भारतीय बल्लेबाजों की बात करें तो कप्तान विराट कोहली अब भी चोटी पर कायम हैं. स्टीव स्मिथ दूसरे और केन विलियमसन तीसरे नंबर पर हैं.