World Cup : टीम इंडिया के लिए खुशखबरी, यह खतरनाक खिलाडी हुआ फिट
कोहली की सेना के लिए राहत की खबर है.;
इंग्लैंड में खेले जा रहे क्रिकेट वर्ल्ड कप के बीच टीम इंडिया को एक के बाद एक लगातार झटके लग रहे हैं. लगातार खिलाड़ी चोटिल हो रहे हैं. पहले सलामी बल्लेबाज शिखर धवन, फिर तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार भी चोटिल हो गए. इसके बाद विजय शंकर के भी चोटिल होने की खबर आई. लेकिन इस बीच कोहली की सेना के लिए राहत की खबर है.
भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने कहा है कि हरफनमौला खिलाड़ी विजय शंकर चोटिल नहीं हैं. बुधवार को अभ्यास सत्र के दौरान बुमराह की एक यॉर्कर शंकर के पैर में जाकर लगी थी. उम्मीद की जा रही थी कि भारत को शिखर धवन के बाद कोई और झटका न लगे.
हालांकि, बुमराह ने गुरुवार को बताया कि शंकर को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है. बुमराह ने कहा, 'यह दुखद था कि शंकर मेरी गेंद पर चोटिल हो गए, लेकिन अब वह पूरी तरह से ठीक हैं.'
सलामी बल्लेबाज शिखर धवन अंगूठे की चोट के कारण पहले ही विश्व कप से बाहर हो गए हैं. वहीं भुवनेश्वर भी मांसपेशियों में खिंचाव के कारण 2-3 मैचों के लिए बाहर हैं. बुमराह ने धवन को लेकर कहा, 'यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि धवन विश्व कप से बाहर हो गए. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार पारी खेली थी. हम अच्छी टीम हैं और आगे बढ़ रहे हैं.' बुमराह ने कहा कि इंग्लैंड में स्थितियां ज्यादा मददगार नहीं हैं.
उन्होंने कहा, 'विकेट काफी फ्लैट है और हम इसके बारे में सोच रहे हैं और इसके हिसाब से काम कर रहे हैं. आपको अपनी सटीकता पर काम करना होगा और इसके बाद अगर आपको मदद मिलती है तो यह अच्छा होगा.'
मैच से पहले की तैयारी पर बुमराह ने कहा, 'मेरे लिए सबसे अच्छी तैयारी गेंदबाजी करना है और मैं यही कर रहा हूं. हम किसी भी टीम को हल्के में नहीं ले रहे हैं. हम सभी टीमों को एक ही तरह से ले रहे हैं.