भारत ने जीता टॉस, लिया पहले बल्लेबाजी का फैसला
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की सीरीज के दूसरे वनडे इंटरनेशनल मैच में भारत ने टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है।;
कोलकाता: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की सीरीज के दूसरे वनडे इंटरनेशनल मैच में भारत ने टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। ऑस्ट्रेलिया कप्तान स्टीव स्मिथ के लिए ये मैच बहुत खास है, वो अपना 100वां वनडे इंटरनेशनल मैच खेल रहे हैं।
इस मैच के लिए भारतीय टीम वही है जो पिछले वनडे में उतरी थी। वही मेहमान टीम ने पिछले मैच के मुकाबले अपनी टीम में दो बदलाव किए हैं। जेम्स फॉक्नर और एडम जम्पा की जगह पर केन रिचर्डसन और एश्टन एगर को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है। अगर टीम इंडिया ये मैच जीत लेती है तो वो ICC वनडे रैंकिंग में नंबर वन पोजिशन पर आ जाएगी। चेन्नई वनडे जीतकर टीम इंडिया सीरीज में पहले ही 1-0 की बढ़त ले चुकी है।
बारिश से प्रभावित पहले वनडे मैच में उनको 26 रनों से हार का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया टीम में डेविड वॉर्नर और स्टीव स्मिथ दोनों ही पहले मैच में कुछ खास नहीं कर पाए। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान और उपकप्तान कोलकाता वनडे मैच में वापसी कर सकते हैं। भारत दौरे पर ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही सबसे पहले टीम के स्टार ऑल राउंडर आरोन फिंच चोटिल हो गए।
आंख मिचौली का खेल रहेगा- मौसम विभाग
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में गुरुवार सुबह खिली हुई धूप है। मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि आसमान में पूरे दिन धूप व बादल के बीच आंख मिचौली का खेल भी जारी रहेगा। बीच-बीच में बारिश की संभावना भी जताई गई है। पिछले कुछ दिनों से बारिश परेशानी का सबब बनी हुई है। अगर विकेट को ज्यादा समय तक कवर के अंदर रखा जाता है और उसे धूप नहीं मिलती है तो यह तेज गेंदबाजों को शुरुआत में मदद कर सकती है। ऐसे में मेहमान टीम को फायदा हो सकता है। पिछले कुछ मैचों की बात करें तो ईडन की पिच तेज गेंदबाजों की मदद कर रही है और साथ ही यहां बाउंस भी अच्छा मिल रहा है।
दोनों टीमों का यह रहा है रिकॉर्ड
रंगीन कपड़ों में भारतीय टीम के ईडन गार्डन्स में रिकॉर्ड की बात की जाए तो उन्होंने 22 मैच खेले हैं जिनमें से 11 में उन्हें जीत मिली है। वहीं ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड शत प्रतिशत है। यह वही मैदान है, जहां ऑस्ट्रेलिया ने 1987 में इंग्लैंड को 7 रनों से हरा कर अपना पहला वर्ल्ड कप उठाया था। ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी बार इस मैदान पर भारत के खिलाफ 2003 में वनडे मैच खेला था, जहां टीम इंडिया को 37 रनों से हार का सामना करना पड़ा था।