LIVE INDvSA 3rd Test : 'हिटमैन' रोहित का धमाका, पहली बार टेस्ट क्रिकेट में ठोका दोहरा शतक
भारत तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 से अजेय है.;
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला रांची के जेएससीए स्टेडियम में खेला जा रहा है. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 5 विकेट गंवा कर 370 रन बनाए हैं. ऋद्धिमान साहा (0 रन) और रवींद्र जडेजा (15 रन) क्रीज पर हैं. भारत ने मयंक अग्रवाल (10), चेतेश्वर पुजारा (0), कप्तान विराट कोहली (12) और अजिंक्य रहाणे (115) के विकेट गंवाए हैं.
रोहित ने पहली बार टेस्ट क्रिकेट में ठोका दोहरा शतक
'हिटमैन' रोहित ने रांची टेस्ट मैच में अपनी धमाकेदार फॉर्म को जारी रखते हुए टेस्ट क्रिकेट में पहली बार दोहरा शतक जड़ दिया है. पहले दिन 117 रनों की नाबाद पारी खेलने के बाद वे फिर से दूसरे दिन मैदान पर उतरे और उसी लय में नजर आए. देखते ही देखते रोहित शर्मा ने अपने टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक जड़ दिया. रोहित ने 249 गेंदों में 28 चौके और 5 छक्कों की मदद से अपने करियर का पहला बार दोहरा शतक जड़ दिया. रोहित ने 88वें ओवर की तीसरी गेंद पर छक्का मारकर शतक पूरा किया.
रोहित शर्मा टेस्ट और वनडे इंटरनेशनल दोनों में 200+ का स्कोर करने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए हैं. इससे पहले सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग और क्रिस गेल यह कारनामा कर चुके हैं.
वहीं, टेस्ट उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे ने अपने टेस्ट करियर का 11वां शतक लगाया है. रहाणे के पास शतक बनाने का मौका था, जिसको उन्होंने भुना लिया. रहाणे ने 169 गेंदों में 14 चौके और एक छक्के की मदद से अपने करियर का 11वां शतक जड़ दिया. अजिंक्य रहाणे ने आखिरी बार अगस्त 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ एंटिगा टेस्ट में शतक जड़ा था.
इससे पहले भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 12 रन के कुल स्कोर पर उसे पहला झटका लग गया. मयंक अग्रवाल को अफ्रीकी गेंदबाज कैगिसो रबाडा ने डीन एल्गर के हाथों स्लिप में कैच आउट करा दिया. अग्रवाल 10 रन बनाकर आउट हुए. तेज गेंदबाज कैगिसो रबाडा ने मयंक अग्रवाल को आउट करने के बाद 16 के स्कोर पर भारत को दूसरा झटका दिया.
चेतेश्वर पुजारा अपना खाता भी नहीं खोल पाए और रबाडा का शिकार बने. चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कप्तान विराट कोहली भी ज्यादा देर क्रीज पर टिक नहीं पाए. उन्हें 12 के निजी स्कोर पर एनरिक नोर्टजे ने पवेलियन की राह दिखाई.
टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और मेहमान अफ्रीकी टीम को गेंदबाजी सौंपी. भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव हुआ. ईशांत शर्मा बाहर हुए. उनकी जगह लेफ्ट आर्म स्पिनर शाहबाज नदीम को डेब्यू का मौका मिला.