IPL11 RR vs KXIP : पॉवर प्ले में इस तरह खेली राजस्थान
राजस्थान लगातार मैच हारते हुए अंक तालिका में आखिरी स्थान पर है जबकि पंजाब तीसरे स्थान पर है;
जयपुर : पॉवर प्ले में राजस्थान ने तेज बल्लेबाजी की लेकिन उन्होंने अजिंक्य रहाणे के रूप में महत्वपूर्ण विकेट खो बैठे . जोस बटलर ने पॉवर प्ले में 22 गेंदों में 45 रन मारे जबकि कृष्णप्पा ने 4 गेंदों में 8 रन मारे . अजिंक्य रहाणे ने 10 गेंदों में 9 रन मारे . इस तरह राजस्थान ने पॉवर प्ले में 1 विकेट खोकर 63 रन बनाये .
राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी चुनी . जोस बटलर और अजिंक्य रहाणे क्रीज़ पर हैं .
आज आईपीएल का 40वां मैच है जो राजस्थान और पंजाब के बीच में होगा . यह मैच जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में खेला जाएगा . राजस्थान लगातार मैच हारते हुए अंक तालिका में आखिरी स्थान पर है जबकि पंजाब तीसरे स्थान पर है . राजस्थान के लिए ये मैच करो या मरो वाला होने वाला है .
बल्लेबाजों और गेंदबाजों के खराब प्रदर्शन के कारण टीम ऐसी स्थिति में आ गई है जहां से उसे प्लेआफ की दौड़ में बने रहने के लिए हर मैच जीतना होगा और यह भी प्रार्थना करनी होगी कि दूसरे मैचों के नतीजे उसके अनुकूल रहे. सत्र में घरेलू मैचों में राजस्थान का रिकॉर्ड बेहतर है जहां उन्होंने तीन में से दो मैचों में जीत दर्ज की है लेकिन आज होने वाले मैच में उसे फिर से नई शुरुआत करनी होगी. लगातार तीन हार में दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ मिली हार भी शामिल है जिसमें टीम ने कई मौके गंवाये थे. इस प्रदर्शन से मेंटर शेन वार्न भी डग आउट में काफी निराश दिखे.
कप्तान अजिंक्य रहाणे, इंग्लैंड के हरफनमौला बेन स्टोक्स और राहुल त्रिपाठी के औसत प्रदर्शन ने टीम की स्थिति को और खराब किया है. मेजबानों के लिए इन तीनों का चलना जरुरी है. वेस्टइंडीज के गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने हालांकि प्रभावित किया है जबकि बड़ी रकम के साथ टीम से जुड़े जयदेव उनादकट ने सिर्फ सात विकेट लिये है और उनका इकोनोमी रेट भी 9.86 का रहा है.
वहीं दूसरी तरफ पंजाब की टीम पिछले मैच में राजस्थान को मात देकर जीत की राह पर लौट आई है. एक और जीत के साथ वह शीर्ष चार में अपनी स्थिति और मजबूत करना चाहेगी.
पंजाब अगर आज बड़े अंतर से जीतता है तो वह तालिका में दूसरे स्थान पर आ सकता है. टीम क्रिस गेल और केएल राहुल के बीच अच्छी साझेदारी पर निर्भर रहती है. हालांकि, मयंक अग्रवाल, करुण नायर और मार्कस स्टोइनिस भी अच्छा योगदान देने में सक्षम है.
उनकी गेंदबाजी में विविधता है जिसमें अनुभवी रविचंद्रन अश्विन और अक्षर पटेल के साथ अफगानिस्तान के युवा मुजीब उर रहमान को समझने में विपक्षी टीम को परेशानी हो रही है.