अब #MeToo में फंसे लसिथ मलिंगा - होटल में महिला से छेड़खानी का आरोप
मलिंगा के ऊपर आरोप लगाने वाली महिला ने अपना नाम गुप्त रखते हुए आईपीएल के दौरान मुंबई एक होटल में हुई एक घटना का जिक्र किया है।;
कोलंबो : दुनिया भर में महिलाओं के शोषण के खिलाफ चल रहे मी टू कैंपेन की आग में श्रीलंकाई क्रिकेट भी आ गया है। 1996 में श्रीलंका को विश्व चैंपियन बनाने वाले कप्तान और राजनेता अर्जुन रणतुंगा के खिलाफ यौन शोषण के आरोपों का खुलासा होने के बाद एक और क्रिकेटर पर भी एक महिला ने यौन शोषण के आरोप लगाए हैं।
ये खिलाड़ी है श्रीलंका के स्टाइलिश तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा। मलिंगा के ऊपर आरोप लगाने वाली महिला ने अपना नाम गुप्त रखते हुए आईपीएल के दौरान मुंबई एक होटल में हुई एक घटना का जिक्र किया है। इस घटना को भारतीय प्लेबैक सिंगर चिनमई श्रीपदा ने अपने ट्विटर हैंडल पर साझा किया है। चिनमई को बॉलीवुड की सबसे मीठी आवाज वाली गायिका माना जाता है। उन्होंने शाहरुख खान की फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस में 'तितली बन उड़ा गीत' को अपनी आवाज दी है।
Cricketer Lasith Malinga. pic.twitter.com/Y1lhbF5VSK
— Chinmayi Sripaada (@Chinmayi) October 11, 2018
श्रीपदा ने जो घटना साझा की है उसमें लिखा है, 'मैं अपना नाम जाहिर नहीं करना चाहती। ये वाकया कुछ साल पहले का है जब मैं मुंबई में थी और एक होटल में अपनी दोस्त से मिलने गई थी जो वहां ठहरी थी। उस वक्त आईपीएल चल रहा था और मेरा सामना श्रीलंका के एक जाने माने क्रिकेटर से हुआ। जिसने बताया कि मेरी दोस्त उनके कमरे में है। यह जानने के बाद मैं उसके साथ उनके कमरे चली गई लेकिन मेरी दोस्त वहां नहीं थी। उसने कमरे में पहुंचकर मुझे बिस्तर पर ढकेल दिया और मेरे चेहरे के करीब आ गया। उनके शरीर और ताकत के आगे मेरी एक नहीं चली। मैंने अपनी आंखें और मुंह बंद कर लिया लेकिन उन्होंने मेरे चेहरे का उपयोग किया। लेकिन उस दौरान होटल के एक कर्मचारी ने दरवाजा खटखटाया जो कमरे के बार को सही करने आया था। इसके लिए वो कमरे का दरवाजा खोलने चला गया। ऐसे में मैं मौका पाकर बाथरूम में चली गई और वहां अपना चेहरा धोया और जैसे ही होटल का कर्मचारी कमरे से बाहर गया मैं भी वहां से चली गई। वहां मेरा अपमान हुआ। मैं जानती हूं कि लोग यही कहेंगे कि मैं जानबूझ कर उसके कमरे में गई थी। वो एक मशहूर व्यक्ति है। तुम ऐसा चाहती थीं या तुम्हारे साथ ऐसा ही होना चाहिए था।'