विराट कोहली ने सबसे तेज पूरे किए 16000 रन, सचिन और अमला को छोड़ा पीछे
बेहतरीन फॉर्म में चल रहे भारतीय कप्तान विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट में 5000 रन के आंकड़े को पार करने में सफल रहे.;
नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है. 29 साल के कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ दिल्ली टेस्ट के पहले ही दिन 52 गेंदों पर 50 रन पूरे किए. इस दौरान 39 रन बनाते ही विराट ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 16000 रन पूरे कर लिये.
इटरनेशनल क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 16000 रन पूरे करने के मामले में विराट सबसे तेज साबित हुए. उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के धुरंधर हाशिम अमला को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 363 पारियों में इतने रन बनाए थे.
इटरनेशनल क्रिकेट: सबसे कम पारियों में 16000 रन
350 पारियां- विराट कोहली
363 पारियां- हाशिम अमला
374 पारियां- ब्रायन लारा
376 पारियां- सचिन तेंदुलकर
बेहतरीन फॉर्म में चल रहे भारतीय कप्तान विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट में 5000 रन के आंकड़े को पार करने में सफल रहे. श्रीलंका के तेज गेंदबाज सुरंगा लकमल पर चौके के साथ 25 रन के आंकडे को पार करते ही कोहली ने यह उपलब्धि हासिल की. वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले 11वें भारतीय बल्लेबाज हैं.
कोहली ने अपनी 105वीं पारी में यह कारनामा किया. भारत की ओर से सबसे कम पारियों में 5000 टेस्ट रन बनाने का रिकॉर्ड पूर्व दिग्गज सलामी बल्लेबाज सुनील गावस्कर के नाम दर्ज है, जिन्होंने 95 पारियों में इस आंकडे को छुआ है. भारत के लिए कोहली से कम पारियों में 5000 टेस्ट रन गावस्कर के अलावा वीरेंद्र सहवाग (99) और सचिन तेंदुलकर (103) ने बनाए हैं.