कोहली ने ठोंका लगातार दोहरा शतक, 6 दोहरे शतक लगाने वाले दुनिया के पहले कप्तान बने

कोहली ने नागपुर टेस्ट की पहली पारी में भी दोहरा शतक जड़ा था। लगातार 2 टेस्ट मैच में 2 दोहरे शतक लगाने वाले वह दूसरे भारतीय बने हैं।;

Update: 2017-12-03 07:03 GMT
नई दिल्ली : भारतीय कप्तान विराट कोहली ने श्री लंका के खिलाफ दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन दोहरा शतक जड़ दिया है। यह उनका लगातार दूसरा दोहरा शतक है। उन्होंने नागपुर टेस्ट की पहली पारी में भी दोहरा शतक जड़ा था। लगातार 2 टेस्ट मैच में 2 दोहरे शतक लगाने वाले वह दूसरे भारतीय बने हैं। इससे पहले विनोद कांबली यह कारनामा कर चुके हैं। विराट के दोहरे शतकों की कुल संख्या अब 6 हो गई है और बतौर कप्तान सर्वाधिक दोहरे शतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। पिछले टेस्ट में उन्होंने वेस्ट इंडीज के दिग्गज बल्लेबाज ब्रायन लारा की बराबरी की थी। 

विराट ने दिल्ली टेस्ट के पहले दिन 156 रन बनाए थे। दूसरे दिन जब वह बल्लेबाजी करने उतरे तो सभी को कोहली के दूसरे शतक का ही इंतजार था। कप्तान ने अपने फैंस को अधिक इंतजार नहीं कराया। उन्होंने 238 गेदों पर दोहरा शतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने 20 चौके लगाए। क्रिकेट फैंस अब इस बात पर नजर टिकाए हुए हैं कि क्या विराट पहला तिहरा शतक लगाएंगे? 

सर्वाधिक दोहरे शतकों के मामले में विराट ने सचिन और सहवाग की बराबरी कर ली है। खास बात यह है कि विराट ने 5 दोहरे शतक पिछले 15 महीनों में बनाए हैं। सचिन और सहवाग भी टेस्ट क्रिकेट में 6-6 दोहरे शतक लगा चुके हैं। वर्ल्ड क्रिकेट की बात करें तो सर्वाधिक दोहरे शतक ऑस्ट्रलिया के महान बल्लेबाज सर डॉन ब्रैडमैन ने लगाए हैं। उनके नाम 12 दोहरे शतक हैं। 11 दोहरे शतकों के साथ श्री लंका के कुमार संगाकारा दूसरे नंबर पर हैं। 

Similar News