Tokyo Olympics: भारतीय पुरुष हॉकी ने जीत के साथ आगाज करते हुए न्यूजीलैंड को हराया

चौथे क्वार्टर में न्यूजीलैंड से चमत्कार की उम्मीद थी। अंतिम क्वार्टर में भारत की तरफ से मनदीप सिंह ने गोल करने का एक मौका बनाया लेकिन

Update: 2021-07-24 05:55 GMT

टोक्यो। खेलों का महाकुंभ कहे जाने वाले ओलंपिक का शुभारंभ हो गया है। कोरोना महामारी की वजह से एक साल तक स्थगित रहने के बाद अब इसका आयोजन हुआ। भारत को पहले दिन कोई सफलता नहीं मिली, लेकिन आज ओलंपिक खेलों के दूसरे दिन भारतीय खिलाड़ी कई स्पर्धाओं में मेडल के लिए जोर लगा रहे हैं। भारत के स्टार शूटर सौरव चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वालीफिकेशन राउंड में टॉप पॉजीशन हासिल करके फानइल में जगह बनाई है। दूसरे दिन दीपिका कुमारी-प्रवीण जाधव की जोड़ी ने आर्चरी के मिक्स्ड टीम इवेंट के क्वार्टरफाइनल में जगह बनाकर पदक की उम्मीद जगा दी है। इसके अलावा भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 3-2 से हराकर जीत से आगाज किया है।


पहले क्वार्टर में भारत की तरफ से पहला गोल रूपिंदर पाल सिंह ने किया था। वहीं न्यूजीलैंड की तरफ से पहले क्वार्टर में केन रसेल ने गोल कर टीम को बराबरी पर ला दिया। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों की तरफ से ताबड़तोड़ हॉकी खेली गई। दोनों प्रतिद्वंदी एक दूसरे के खिलाफ गोल करने को तरसते रहे। इस दौरान भारत की तरफ से जोरदार हमला किया गया। हरमनप्रीत सिंह ने दूसरे क्वार्टर में गोल कर भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई। 


तीसरे क्वार्टर में न्यूजीलैंड टीम की तरफ से वापसी की पूरी कोशिश की गई। भारतीय टीम ने भी अपना आक्रमण तेज रखा। इस दौरान मिले पेनाल्टी कॉर्नर का टीम इंडिया ने पूरा फायदा उठाया और हरमनप्रीत सिंह ने एक बार फिर बेहतरीन खेल दिखाते हुए दूसरा गोल दागकर भारत को 3-1 से आगे कर दिया। इसके बाद न्यूजीलैंड की टीम गोल करने की कोशिश करती रही लेकिन भारत की मजबूत रक्षा पंक्ति के आगे उसकी एक न चली। लेकिन इसके बाद न्यूजीलैंड के जेनेस ने मौका ताड़ा और गोल कर दिया। इस तरह तीसरे क्वार्टर में न्यूजीलैंड का स्कोर 3-2 रहा। 


चौथे क्वार्टर में न्यूजीलैंड से चमत्कार की उम्मीद थी। अंतिम क्वार्टर में भारत की तरफ से मनदीप सिंह ने गोल करने का एक मौका बनाया लेकिन कीवी टीम गोल बचाने में सफल रही। इस दौरान भारत की तरफ से कुछ गलतियां भी की गईं जिसके एवज में न्यूजीलैंड को पेनाल्टी कॉर्नर मिला। लेकिन भारत की तरफ से श्रीजेश ने अच्छा बचाव करते हए भारत की जीत सुनिश्चित कर दी। टीम इंडिया ने इस मुकाबले में न्यूजीलैंड को 3-2 से हराया। 

 




Tags:    

Similar News