Virat Kohli: विराट कोहली मतलब नाम नहीं ब्रांड...! 172 का टारगेट 16.2 ओवर में किया चेज

सिर्फ अबकी बार यह हो गया कि धोनी की जगह विराट कोहली फिनिशेज ऑफ इन स्टाइल...! द किंग इज बैक।

Update: 2023-04-04 06:02 GMT

विराट कोहली मतलब नाम नहीं ब्रांड...! 172 का टारगेट 16.2 ओवर में चेज। सही मायनों में कहा जाए, तो मुंबई इंडियंस की टीम जिस पोजीशन में थी, वहां से उसने शानदार वापसी कर ली थी। 5.2 ओवर में 20 रन पर चोटी के 3 बल्लेबाज आउट। ईशान किशन, कैमरन ग्रीन और रोहित शर्मा...! आंकड़े देखिएगा तो पता चलेगा कि इन्हीं 3 खिलाड़ियों पर मुंबई इंडियंस ने अपनी आधा से ज्यादा रकम खर्च की है। 15.3 ओवर में 105 पर 6 और फिर 20 ओवर में 171 पर 7...! हर्षल पटेल ने 20वें ओवर की अंतिम गेंद विकेट पर धीमी गति से डाली थी। तिलक वर्मा ने इसे हेलीकॉप्टर के जरिए छक्के के लिए भेजकर आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया। दरअसल तिलक ने 46 गेंद पर 184 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 9 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 84* रनों की अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेल दी थी।

तिलक वर्मा ने वन मैन आर्मी की तरह मुंबई को मुश्किल से निकाल लिया था। पर अंतिम गेंद पर छक्का मारने के बाद उनका अंदाज बेंगलुरु के फैंस को चुभ रहा था। दरअसल वे क्रिकेट फील्ड पर अगर किसी को जोश में भौकाल करते हुए देखना चाहते हैं, तो वह है किंग कोहली। विराट के ग्राउंड पर रहते कोई दूसरा जोश दिखाता है, तो कोहली के कट्टर फैंस को यह बात थोड़ी चुभ जाती है। इतिहास बता रहा था कि जब-जब विराट ने आक्रामक क्रिकेट खेली है, विरोधियों की हवा टाइट हुई है। फैंस दिल थामकर एक और विराट स्पेशल का इंतजार कर रहे थे। विराट बतौर सलामी बल्लेबाज आए और उन्होंने स्ट्राइक ली। शुरुआत में कोहली संभलकर खेले। अरशद खान के दूसरे ओवर की दूसरी गेंद को शॉर्ट फाइन लेग की दिशा में फ्लिक कर विराट ने पहला चौका हासिल किया।

इसके बाद बेन्ड्रॉफ् के खिलाफ फाफ डु प्लेसिस ने कुछ बड़े शॉट्स खेले लेकिन विराट को जोफ्रा आर्चर का इंतजार था। चौथे ओवर की दूसरी गेंद बैक ऑफ लेंथ आउटसाइड ऑफ...! बैकवर्ड पॉइंट और शॉर्ट थर्डमैन के बीच से विराट ने कुछ यूं खेल दिया, मानो किसी ने सुई में धागा पिरो दिया हो। अब किंग का मन चौके से कहां भरने वाला था। पांचवीं गेंद लेग कटर थी और विराट ने डाउन द ट्रैक आकर लॉन्गऑफ के ऊपर से फ्लैट सिक्स जड़ दिया। द किंग एट हिज बेस्ट.. ! जोफ्रा आर्चर के छठे ओवर की तीसरी लेंथ बॉल को विराट ने बहुत जल्दी पिक कर लिया। अपना वजन बैकफुट पर ट्रांसफर किया और मिडविकेट की दिशा में पुल शॉट पर खूबसूरत चौका...!

इस एक शॉट से समझ आ गया था कि आज विराट को रोकना किसी के बूते का नहीं होगा। पीयूष चावला के नवें ओवर की पहली गेंद टॉस्ड अप ऑन टू द स्टंप्स। विराट आगे आए और डाउन द ग्राउंड चौका अपने नाम कर लिया। पीयूष चावला ने 11वें ओवर की तीसरी गेंद पर विराट को फ्लाइट देने की गलती कर दी। अब अगर शेर को शिकार का अवसर मिलेगा, तो फिर वह कहां चूकेगा। विराट ने बड़ा कदम आगे निकालते हुए इसे लॉन्गऑन के ऊपर आसमान में छक्के के लिए भेज दिया और RCB का 100 रन पूरा कर दिया। बेन्ड्रॉफ् ने 12वें ओवर की पहली गेंद विराट को शॉर्ट पिच दी। एक टप्पे के बाद पुल शॉट सीमा रेखा पार। 14वें ओवर की तीसरी गेंद जोफ्रा आर्चर ने विराट कोहली के शरीर पर बाउंसर डाली। दरअसल वह एक्स्ट्रा पेस के सहारे विराट को टेस्ट करना चाहते थे। विराट ने तहे दिल से शुक्रिया कहा और डीप स्क्वायर लेग बाउंड्री की दिशा में पुल शॉट के जरिए छक्का अपने नाम कर लिया।

अरशद खान ने 15वें ओवर की पहली गेंद विराट के स्लॉट में डाल दी। कोहली ने फ्रंट लेग क्लियर करते हुए डीप मिडविकेट की दिशा में मुकाबले का सबसे लंबा छक्का मारा। इसके बाद फाफ डु प्लेसिस 43 गेंद पर 5 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 73 रन बनाकर आउट हो गए। दिनेश कार्तिक खाता भी नहीं खोल पाए। पर विराट ने अरशद खान के 17वें ओवर की पहली पैड वाली बॉल पर चौका और दूसरी गेंद पर छक्का लगाकर मुकाबला खत्म कर दिया। इत्तेफाक यह रहा कि 2 अप्रैल 2011 को जब महेंद्र सिंह धोनी ने इसी अंदाज में लॉन्गऑन बाउंड्री के ऊपर से छक्का जड़कर भारत को विश्वकप दिलाया था, तब भी रवि शास्त्री कमेंट्री कर रहे थे। विराट ने 12 साल बाद उसी अंदाज में उसी तारीख को RCB को मुकाबला जिताया, इस बार भी रवि शास्त्री कमेंट्री कर रहे थे। सिर्फ अबकी बार यह हो गया कि धोनी की जगह विराट कोहली फिनिशेज ऑफ इन स्टाइल...! द किंग इज बैक।

Tags:    

Similar News