नई दिल्ली : उत्तरी दिल्ली के बल्लीमारान इलाके में गुरुवार रात एक बिल्डर की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी गयी। मृतक की पहचान 35 वर्षीय फहीम के रूप में की गयी है। प्राथमिक जांच में पुलिस ने रंजिश के चलते हत्या को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर रात तकरीबन 11 बजे बल्लीमारान के पंजाबी फाटक इलाके में रहने वाला फहीम अहमद नाम का शख्स अपने घर के नीचे टहल रहा था। तभी चार अज्ञात हमलावरों ने फहीम पर गोलियां बरसा दी। बदमाशों की तरफ से 5 राउंड फायरिंग की गई।
डीसीपी नार्थ मधुर वर्मा ने बताया कि चारों बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में दो गोली फहीम के जांघ और पैर में लग गई। गंभीर हालत में उसे राम मनोहर लोहिया अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। फहीम की उम्र 35 साल थी। वो पेशे से बिल्डर था।
फिलहाल पुलिस इलाके में लगे CCTV फुटेज को खंगाल रही है, ताकि हमलावरों का कोई सुराग मिल सके। इस बात की भी जांच की जा रही है की किसी आपसी रंजिश की वजह से तो वारदात को अंजाम नही दिया गया है।