मंत्री ने कांग्रेस MLA को किया चुप, ‘‘यह कोई सोनिया गांधी की सरकार नहीं है’’

Update: 2015-12-23 07:23 GMT


रांची:भाषा: झारखंड विधानसभा में आज उस समय थोड़े देर के लिए सन्नाटा छा गया जब कृषि मंत्री रणधीर सिंह ने यहां विधानसभा में यह कहकर कांग्रेस विधायक को चुप करा दिया कि ‘‘यह कोई सोनिया गांधी की सरकार नहीं है।’’


झारखंड विधानसभा में आज प्रश्नकाल के दौरान जब प्रभारी मंत्री के तौर पर कृषि मंत्री रणधीर सिंह राज्य में वन एवं पर्यावरण विभाग की ओर से किये जा रहे वृक्षारोपण की स्थिति के बारे में एक सवाल का जवाब दे रहे थे तो उन्होंने राज्य की सरकार को ‘रघुवर दास की सरकार’, कहकर संबोधित किया जिस पर कांग्रेस के विधायक इरफान अंसारी ने आपत्ति की। इरफान की आपत्ति पर मंत्री रणधीर कुमार सिंह बिफर गये और उन्होंने इरफान अंसारी को तपाक से टोकते हुए कहा, ‘‘यह कोई सोनिया गांधी की सरकार थोड़े ही है।’’



मंत्री यहीं नहीं रुके उन्होंने यह भी कहा कि जब केन्द्र में संप्रग सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन सरकार को मनमोहन सिंह की सरकार संबोधित किया जाता था तो झारखंड की सरकार को रघुवर दास की सरकार कहने में किसी को क्यों आपत्ति होनी चाहिए? विधानसभाध्यक्ष दिनेश उरांव ने मंत्री को इस मुद्दे को आगे न बढ़ाने की नसीहत भी दी लेकिन मंत्री नहीं माने और उन्होंने कहा कि राज्य की सरकार को मुख्यमंत्री रघुवर दास के नाम पर संबोधित करने में कुछ भी गलत नहीं है और पुन: उन्होंने बार-बार सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए उसे ‘रघुवर सरकार’ ही संबोधित किया। कांग्रेस विधायक भी बाद में अपने दल समेत किसी से भी कोई समर्थन न मिलता देखकर इस मुद्दे पर चुप्पी साध गये।

Similar News