चलती ट्रेन में मनचलों ने परेशान लड़की ने 'प्रभु' को किया ट्वीट, धरे गये मनचले

Update: 2015-12-19 13:08 GMT


नई दिल्ली : रेल में सफर कर रहे यात्रियों के बीच रेल मंत्री सुरेश प्रभु वाकई प्रभु साबित हो रहे है। इस बार मामला खाना-पानी या मेडिकल हेल्प पहुंचाने का नही बल्कि छेड़छाड़ का है।

दरअसल इस बार पटना से नयी दिल्ली जा रही एक लड़की के साथ श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन में कुछ मनचलों ने छेड़खानी की। इसके बाद पीड़ित लड़की ने रेल मंत्री को ट्वीट कर सूचित किया। इसके बाद त्वरित कार्रवाई के तहत युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। रेल मंत्रालय ने तुरंत आदेश दिया और ट्रेन को बक्सर में रोक कर आरपीएफ ने एक बदमाश को हिरासत में ले लिया।

उधर रेल प्रशासन का कहना है कि लड़की के साथ छेड़खानी नही हुई थी, बल्कि कुछ बदमाशों ने एसी3 की कोच में जबरन प्रवेश कर कब्जा कर लिया था। रेल मंत्रालय के पीआरओ ने इस बारे में सूचना दी कि लड़की ने आरा पहुंचने पर ट्वीट कर बताया कि कुछ सामाजिक तत्व ट्रेन में प्रवेश कर गए है और सीटों पर कब्जा कर लिया है, जिसके कारण हमें सीट नही मिल रही है। इसके बाद ट्रेन को बक्सर में रोककर चेकिंग की गई।

ट्वीट के बाद प्रभु ने तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया और कहा कि लड़कियों को तुरंत सुरक्षा प्रदान की जाए और बदमाशों पर कार्रवाई की जाए। प्रभु ने हाल के दिनों में सभी मदद मांगने वालों की मदद की है। इससे पहले नवंबर में भी ट्रेन में अकेली सफर कर रही एक महिला ने भी ट्वीट कर छेड़खानी की शिकायत की थी। तब भी तुरंत एक्शन लिया गया था।

Similar News