यूपी उपचुनाव में मुजफ्फरनगर सीट पर किया बीजेपी ने कब्ज़ा

Update: 2016-02-16 07:05 GMT


मुजफ्फरनगर (व्यूरो)
मुजफ्फरनगर विधानसभा उपचुनाव के लिये आज कराई गई मतगणना में आखिर तक कांटे की टक्कर चली। पहले राउंड में बढत हासिल करने के बाद चुनावी जंग में सपा के गौरव स्वरूप से लगातार कई राउंड पिछडने के बाद भाजपा के कपिल देव अग्रवाल ने आखिरी चरणों की मतगणना में बढत हासिल करते हुए मुजफ्फरनगर विधानसभा सीट पर फिर से भाजपा का झंडा फहरा दिया। तीसरे स्थान की जंग में रालोद की मिथलेश पाल ने कांग्रेस के सलमान सईद को पछाड दिया। कपिल देव अग्रवाल ने करीब 6 हजार मतों के अंतर से गौरव स्वरूप को हराकर चुनाव जीता।

मुजफ्फरनगर विधानसभा उपचुनाव के लिये हुई मतगणना में मुकाबला कांटे का हो गया। शुरुआती दौर में बढत बढाने के बाद भाजपा के कपिल देव एकबारगी बुरी तरह पिछडे लेकिन जल्द ही उन्होंने वापसी करते हुए सपा को पसीने दिला दिए। मुजफ्फरनगर सहित प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के लिये मतगणना का कार्य प्रारंभ हो गया। सुबह आठ बजे से 14 टेबलों पर एकसाथ मतगणना प्रारंभ हुई। मतगणना में मुकाबला भाजपा और सपा के बीच ही सिमट गया। रालोद और कांग्रेस में तीसरे स्थान के लिये जद्दोजहद रही, हालांकि इसमें कांग्रेस का पलडा भारी रहा।

मतगणना में पहला रुझान भाजपा प्रत्याशी कपिल देव अग्रवाल के पक्ष में आया। लेकिन दूसरे और तीसरे राउंड में सपा प्रत्याशी गौरव स्वरूप ने बढत कायम कर ली। दूसरे राउंड में कपिल देव को 957, गौरव स्वरूप को 3293, 334 तथा कांग्रेस के सलमान सईद को 1210 मत मिले। तीसरे राउंड में गौरव स्वरूप को 4714, कपिल देव को 711, मिथलेश पाल को 106 तथा सलमान सईद को 1468 मत मिले। भाजपा प्रत्याशी कपिल देव को पहले राउंड में 4484, रालोद की मिथलेश पाल को 1188 जबकि समाजवादी पार्टी के गौरव स्वरूप को 1080 मत मिले। चौथे राउंड में सपा के गौरव स्वरुप भाजपा के कपिल देव को करीब 3000 मतों से पछाडकर आगे निकल गए। चौथे राउंड में गौरव स्वरूप को 4399, कपिल देव भाजपा को 71, मिथलेश पाल रालोद को 45 तथा कांग्रेस के सलमान सईद को 1452 मत मिले। पांचवा और छठा राउंड भी गौरव स्वरूप के पाले में रहा लेकिन सातवें और आठवें राउंड में भाजपा फिर मुकाबले में लौट आई। आठवें राउंड की गिनती के बाद जहां सपा के गौरव स्वरूप 22991 मत लेकर आगे थे वहीं भाजपा के कपिल देव 20812 मतों के साथ चुनाव मैदान में डटे हुए थे। कांग्रेस के सलमान सईद 6364 मतों के साथ तीसरे स्थान पर थे तो रालोद की मिथलेश पाल 2748 मतों के साथ एक तरह से चुनावी दौड से ही बाहर हो गई। 10वें राउंड की गिनती के बाद सपा के गौरव स्वरूप की भाजपा के मुकाबले बढत 4406 वोट रह गई। इस राउंड तक सपा गौरव स्वरूप को 29919, कपिल देव को 25513, रालोद की मिथलेश पाल को 3386 तथा सपा के सलमान सईद को 7178 मत मिले। 12 राउंड की गिनती के बाद गौरव स्वरूप 35511 व कपिल देव 31771 मत लेकर चुनाव मैदान में डटे थे। करीब 16 राउंड की गिनती में गौरव स्वरूप बढत बनाए रहे, लेकिन इसके बाद गांधी कालौनी तथा नई मंडी के मतो की गिनती में कपिल ने जोरदार वापसी की और इतनी बढत हासिल कर ली कि गौरव के लिये उसे पाटना मुश्किल हो गया। 19 वे राउंड की गिनती के बाद जहां भाजपा के कपिल देव अग्रवाल 56932 मत लेकर सब से आगे थे, वहीं सपा के गौरव स्वरूप 47903, रालोद की मिथलेश पाल 10396 तथा कांग्रेस के सलमान सईद 9146 मत लेकर चुनाव से लगभग बाहर हो गए। इस राउंड की गिनती तक कपिल देव ने गौरव स्वरूप पर 9029 मतों की बढत बना ली थी।


Similar News