जब डीएसपी बाप ने आईपीएस बेटी को ठोंका सैल्यूट, देखकर सब चकित रह गये

Update: 2018-09-03 07:05 GMT

क्या आपने कभी पुलिस विभाग में काम करने वाले पिता और बेटी को आमने-सामने आते हुए देखा है। तेंलगाना में एक पुलिस डिप्टी कमिश्नर ने एसपी बेटी को सैल्यूट किया। कार्यक्रम में पिता के बेटी के प्रति इस भाव को देख कई लोग देखते ही रह गए। ए.आर. उमामहेश्वरा शर्मा लगभग 30 साल से पुलिस हैं, जबकि बेटी सिंधू चार साल पहले ही पुलिस में भर्ती हुई थीं। रविवार (दो सितंबर) को इन दोनों का आमना-सामना हैदराबाद के बाहर हुआ। कोंगराकलां में तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) की जन सभा में वे अपनी-अपनी ड्यूटी कर रहे थे। अचानक डिप्टी कमिश्नर पिता को एसपी बेटी दिखी, तो उन्होंने फौरन उसे सलाम ठोंका।


शर्मा अपने से वरिष्ठ अधिकारी सिंधू को सलाम कर गर्व महसूस करते हैं। वह अगले साल सेवानिवृत्त होंगे। फिलहाल हैदराबाद में राशाकोंडा कमिश्नरी के मलकानगिरी क्षेत्र में डिप्टी कमिश्नर हैं, जबकि सिंधू मौजूदा समय में तेलंगाना के जगतियाल जिले में एसपी हैं। सिंधू 2014 बैच की भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) की अधिकारी हैं।


उप निरीक्षक से करियर शुरू कर हाल ही में आईपीएस रैंक पर आने वाले शर्मा ने इस बारे में बताया, हम लोग पहली बार ड्यूटी करते समय आमने-सामने आए हैं। मैं भाग्यशाली हूं, जो उनके (बेटी) साथ काम करने का मौका मिला। गर्व से वह बोले, वह मेरी वरिष्ठ अधिकारी हैं। मैं जब उन्हें देखता हूं, तो मैं सलाम करता हूं। हम अपनी-अपनी ड्यूटी करते हैं। हम इस पर चर्चा नहीं करते हैं। लेकिन घर पर हम लोग बिल्कुल पिता और बेटी की तरह रहते हैं।


जन सभा में महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहीं सिंधू ने बताया, पिता के साथ इतने बड़े कार्यक्रम में ड्यूटी निभाकर मैं बहुत खुश हूं। यह अच्छा अवसर है कि हमें साथ काम करने का मौका मिला, क्योंकि अगले साल वह सेवानिवृत्त हो जाएंगे। मुझे इसे सेवा में आने के लिए उन्हीं से प्रेरणा मिली थी।डीसीपी का एक बेटा भी है। उसका नाम सिद्धार्थ है, जो तेलंगाना हाईकोर्ट में अधिवक्ता है। वहीं, शर्मा की बेटी सिंधू के पति शशांक आईएएस अधिकारी हैं।

Similar News