Maruti Suzuki New MPV Car : मारुति सुजुकी ला रही है एक नई एमपीवी कार, जानें कब होगी लॉन्च और कैसे होंगे फीचर्स
Maruti Suzuki Upcoming New MPV: देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki (मारुति सुजुकी) ने आने वाले वर्षों में अपने एसयूवी बाजार को मजबूत करने के लिए कई नए मॉडल लॉन्च करने की योजना बनाई है। इसके अलावा, इंडो-जापानी वाहन निर्माता एक नई एमपीवी भी लाएगी जो टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस पर आधारित होगी। इस एमपीवी कार का नवंबर में ग्लोबल डेब्यू किया जाएगा, जिसके बाद जनवरी 2023 में भारत में लॉन्च होगी। नई मारुति एमपीवी के 2023 की दूसरी छमाही में सड़कों पर उतरने की उम्मीद है। दिलचस्प बात यह है कि यह मारुति सुजुकी के लिए टोयोटा का पहला रीबैज मॉडल होगा।
एक प्रीमियम उत्पाद होने के नाते, नई मारुति एमपीवी की बिक्री नेक्सा डीलरशिप नेटवर्क के जरिए की जाएगी। कीमत और पोजिशन के मामले में, यह एर्टिगा से ऊपर होगी। यह कार किआ कैरेंस और ह्यू्ंदै की आनेवासी स्टारगेजर और टोयोटा की नई सी-सेगमेंट एमपीवी को टक्कर देगी। मारुति की नई तीन-पंक्ति एमपीवी को टोयोटा के टीएनजीए-सी प्लेटफॉर्म पर डिजाइन किया जाएगा और इसके दो पावरट्रेन के साथ आने की संभावना है - एक नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल और एक स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड।
आने वाली टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस के भारी स्थानीयकृत हाइब्रिड सिस्टम के साथ आने की संभावना है। मौजूदा इनोवा में RWD (रियर-व्हील ड्राइव) सेटअप है, जबकि इसके उलट नए मॉडल में FWD (फ्रंट-व्हील ड्राइव) सिस्टम होगा। नई मारुति एमपीवी अपने अधिकांश डिजाइन तत्वों, विशेषताओं और घटकों को इनोवा हाईक्रॉस के साथ साझा करेगी। हालांकि, इसमें अलग तरह से डिजाइन की गई फ्रंट ग्रिल, बंपर और हेडलैम्प्स हो सकते हैं। इसके रियर सेक्शन में भी कुछ बदलाव किए जा सकते हैं।
मारुति के नए सी-सेगमेंट एमपीवी का इंटीरियर हाल ही में लॉन्च हुई ग्रैंड विटारा और हाइराइडर एसयूवी के जैसा हो सकता है। ऐसी उम्मीद है कि यह लेदरेट स्टीयरिंग व्हील, 360 डिग्री कैमरा, एक सनरूफ, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, हेड-अप डिस्प्ले, सुजुकी कनेक्टेड कार फीचर्स, वायरलेस चार्जर, स्मार्टप्ले प्रो+ इंफोटेनमेंट सिस्टम, एम्बिएंट डोर लाइटिंग, मल्टीपल एयरबैग, रिवर्स पार्किंग कैमरा और क्रूज कंट्रोल जैसे फीचर्स से लैस होगी। मारुति सुजुकी की आनेवाली इस नई एमपीवी के बारे में ज्यादा जानकारी नजदीकी भविष्य में सामने आने की संभावना है।