यूपी के लेखपाल लैपटॉप से लैस, योगी आदित्यनाथ ने कही ये बातें

लेखपाल जितनी स्फूर्ति के साथ आमजन से जुड़ी समस्या का समाधान कर सकते हैं, उन्हें करना चाहिए।

Update: 2019-06-19 08:35 GMT

लखनऊ। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन, लखनऊ में लेखपालों को लैपटॉप वितरित करते बुधवार को कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था भी बनाए रखने के लिए तकनीक का इस्तेमाल बहुत जरूरी होता है। इसकी मदद से संगठित अपराध पर लगाम लगाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़ी छोटी छोटी समस्याओं को सुलझा लेते हैं तो विश्वास प्रगाढ़ होता है। छोटे छोटे विवाद जब आगे बढ़ते हैं तो बहुत बड़ी हिंसा, दंगे और उपद्रव होते हैं। इससे शासन की छवि भी प्रभावित होती है। इन समस्याओं के मूल में राजस्व का विवाद ही होता है। 

आमजन से जुड़ी राजस्व की छोटी-छोटी समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध ढंग से होगा तो कानून व्यवस्था बनाये रखने में भी सहयोग मिलेगा। राजस्व की समस्याओं का समयबद्ध ढंग से निस्तारण करने के लिए तकनीकी सुविधा से लैस लेखपाल चाहिए। ये सुविधा आज प्रदेश सरकार लेखपालों को दे रही है। राजस्व विभाग में बेहतर तकनीक का इस्तेमाल करके आमजन को बड़ी राहत दी जा सकती है। इस अवसर पर माननीय राजस्व मंत्री श्रीमती अनुपम जायसवाल सहित अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे। योगी ने कहा की लेखपाल जितनी स्फूर्ति के साथ आमजन से जुड़ी समस्या का समाधान कर सकते हैं, उन्हें करना चाहिए। थाना दिवस और तहसील दिवस में भी लेखपालों की बड़ी भूमिका होती है, इस दृष्टि से हम सभी को स्वयं को तैयार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश भर में सभी लेखपालों को लैपटॉप दिया जाएगा उनका प्रशिक्षण होगा। आमजन की समस्या का अगर समय पर समाधान नहीं होता है तो विश्वास का संकट खड़ा हो जाता है।

योगी आदित्यनाथ ने संभल में हुई सड़क दुर्घटना में आठ लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन से घायलों को समुचित चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।

Tags:    

Similar News