गाजियाबाद: यूपी में एक बार फिर आईएएस और आईपीएस आमने-सामने हैं. अब मामला एनसीआर के जनपद गाजियाबाद का है. दरअसल, थानाध्यक्षों के तैनाती को लेकर डीएम गाजियाबाद रितु माहेश्वरी ने एसएसपी वैभव कृष्ण के एक पत्र लिखते हुए पूछा है कि उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए, जिसके बाद मामला बढ़ गया.
एसएसपी वैभव कृष्ण ने इस मामले में प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार को एक पत्र लिखा है. एसएसपी ने अपने तबादले की गुजारिश भी की है. इस पत्र के बाद प्रमुख सचिव गृह ने दोनों को तलब करने की बात कही है. जानकारी के मुताबिक, एसएसपी के पत्र का शासन ने संज्ञान लिया है और ठोस कदम व कार्रवाई की जाएगी.
आपको बता दें कि ये मामला तब उठा जब गाजियाबाद के एसएसपी वैभव कृष्ण ने काफी संख्या में दरोगाओं की इधर से उधर पोस्टिंग की और नए थानेदारों की भी तैनाती की. इसके बाद गाजियाबाद की जिलाधिकारी रितु माहेश्वरी द्वारा एसएसपी से उनकी प्रतिक्रिया मांगी. उन्होंने एसएसपी से लिखित में सवाल पूछा कि क्यों न आपके खिलाफ कार्रवाई की जाए, क्योंकि आप नियमों को ताक पर रखकर दरोगाओं और थानेदारों की तैनाती कर रहे हैं. इसी के बाद से दोनों के बीच विवाद बढ़ गया.
आपको बता दें कि पिछले महीने गौतमबुद्धनगर के एसएसपी डॉ अजय पाल शर्मा और यहां के डीएम बीएन सिंह के बीच भी तना-तनी सामने आई थी. डीएम ने पत्र लिखकर एसएसपी को से कहा था कि जिले में पुलिसकर्मियों की तैनाती से पहले जिलाधिकारी से अनुमोदन कराना जरूरी है, जो नहीं कराया गया था. बाद में आपस में इस मामले को सुलझाया गया था.