गाजियाबाद में तालाब में डूबने से चार मासूमों की मौत

गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव त्यौड़ी 13 बीसा में गांव के पांच बच्चे खेलते हुए तालाब में नहाने पहुंच गए।;

Update: 2018-06-20 13:19 GMT
गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव त्यौड़ी 13 बीसा में गांव के पांच बच्चे खेलते हुए तालाब में नहाने पहुंच गए। पांचों बच्चे तालाब में नहाते हुए खेल रहे थे। तालाब के बीच में गहरे गड्ढे में जब वह डूबने लगे तो उनके साथी अरमान ने हल्ला मचाना शुरू किया और गांव के लोगों को बच्चों के डूबने की जानकारी दी।
जानकारी के बाद गांव के सैकड़ों निवासी तालाब पर पहुंचे व उन्होंने बच्चों की तालाब में खोजा। तीन बच्चों के शव ग्रामीणों ने तालाब से निकाल लिए व चौथे बच्चे के श्वास चल रहे थे जिस कारण गांव में डॉक्टरों को दिखाने के बाद गंभीर हालत में असद (8) पुत्र इकरामु को उपचार के लिए मेरठ हॉस्पिटल ले जाया गया जहां उसका उपचार के दौरान बुधवार को सुबह उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर सीओ धर्मेंद्र चौहान व भोजपुर थाना के एसएचओ ज्ञानेश्वर बौद्ध मौके पर पहुंचे व परिवार के सदस्यों का ढांढ़स बंधाया। सीओ ने बताया कि जिन बच्चों की मौत हुई उनमें आठ वर्षीय दानिश पुत्र अरशद, बारह वर्षीय मुबजिम पुत्र सरफराज, ग्यारह वर्षीय माज मोहम्मद पुत्र सुहेल है। मृतक बच्चों के परिजनों ने पुलिस से कोई कार्रवाई नहीं करने को कहा है तथा पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। इस मौके पर सुरक्षा को ध्यान में रखकर पुलिस फोर्स तैनात कर दिया है। घटना से पूरे गांव में मातम पसरा है। चारों बच्चों की मौत ने घर वालों को हिलाकर रख दिया है। इन अनहोनी से सभी हतप्रभ हैं।

Similar News