बदमाशों ने की प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या
दिल्ली मेरठ रोड पर स्थित काइट कॉलेज के सामने डिफेंस एंक्लेव में बदमाशों ने प्लाट दिखाने के बहाने ले जाकर एक प्रॉपर्टी डीलर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर उसकी निर्मम हत्या कर दी।;
दिल्ली मेरठ रोड पर स्थित काइट कॉलेज के सामने डिफेंस एंक्लेव में बदमाशों ने प्लाट दिखाने के बहाने ले जाकर एक प्रॉपर्टी डीलर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। गोली मारकर हुई हत्या की खबर से कालोनीवासियों में दहशत फैल गयी।
जानकारी के मुताबिक फ्रेंड्स एंक्लेव निवासी सुंदर त्यागी प्रॉपर्टी डीलर है। वह अपने घर के बाहर बैठा हुआ था और इसी बीच कुछ बदमाश आए और प्लॉट देखने के बहाने डीलर को फ्रेंड कॉलोनी में ले गए। जहां पर प्रॉपर्टी डीलर कॉलोनी काट रहा है। वहां पर पहुंचते ही बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। गोली लगते ही लहूलुहान हो प्रॉपर्टी डीलर सड़क पर जा गिरा।
गोलियों की आवाज से कालोनी वासियों में हडकंप मच गया। लोग आनन-फानन में घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। हत्यारे बदमाश गोली मारने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना स्थल पर पहुंचे लोगों ने घायल अवस्था में डीलर को उठाकर स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने गाजियाबाद के लिए रेफर कर दिया है। जहा इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। गोली मारकर हत्या करने की सूचना से पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की लेकिन जब तक बदमाश फरार हो चुके थे।