नरेश के तिलिस्म को तोड़ने हरदोई आये योगी

जितना विकास अन्य पार्टियों ने 15 साल में कराया उससे ज्यादा विकास भाजपा ने अल्प समय में कर दिखाया: योगी

Update: 2017-11-20 09:59 GMT
हरदोई:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को हरदोई शहर के जीआईसी मैदान में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों को निकाय चुनाव में जीत दिलाने की जनता से अपील की। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन सरकारों ने पिछले 10-15 वर्षों से नगर पालिका को नरक पालिका बना दिया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरदोई के जीआईसी मैदान में चुनावी बिगुल फूंका। उन्होंने मौजूद जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में भाजपा के पार्षद और नगर अध्यक्ष बनाने हैं, ताकि यूपी के सभी शहरों का विकास हो सके। उन्होंने कहा कि जनता को भाजपामय प्रदेश बनाना है, विकास के लिये पैसे की कमी नहीं होने दी जायेगा। सरकार गरीबों के लिए काम कर रही है किसी भी व्यक्ति को खुले आसमान के नीचे नहीं सोने दिया जायेगा। जितना विकास अन्य सरकारों ने 15 साल में नहीं किया है उससे ज्यादा विकास भाजपा ने अल्प समय में कर दिखाया है।

पूर्ववर्ती सरकारों के मंत्रियों ने घोटालों से जनता के पैसों का दुरूपयोग किया। पर अब भाजपा की सरकार है। प्रदेश के किसी भी जिलों में बिजली की कमी के नहीं होने दी जायेगी। सूबे के लोग हर दिन दीवाली जैसी जगमग रोशनी में रहेंगे। सीएम योगी शहर के जीआईसी मैदान में करीब आधा घंटा रुके। जनसभा में करीब 30 हजार से अधिक लोग मौजूद रहे। इस दौरान भाजपा के सांसद, विधायक, पाधिकारी एवं सभी प्रत्याशियों ने जनता को धन्यवाद ज्ञापित किया ।

भाजपाइयों ने शहर में मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली थीं। सभा स्थल को पूरी तरह भगवा रंग से सजाया गया था। सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का आना शुरू हो गया था। इस दौरान सुरक्षा-व्यवस्था एकदम पुख्ता रही।
ओम त्रिवेदी 

Similar News