लखनऊ की सड़कों पर उतरीं प्रियंका गांधी, बोलीं- 'यूपी में महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है'

प्रियंका गांधी ने उप्र के उन्नाव और शाहजहांपुर केस को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा

Update: 2019-10-02 09:43 GMT

लखनऊ : महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर बुधवार को कांग्रेस ने देशभर में पदयात्रा निकाली। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी इसमें शामिल हुए। उनकी अगुआई में कार्यकर्ता गांधी का संदेश देते हुए पार्टी मुख्यालय से राजघाट पहुंचे। दूसरी ओर, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी उन्नाव और शाहजहांपुर यौन शोषण मामले की पीड़िताओं के समर्थन में लखनऊ की सड़कों पर उतरीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिला के हक में आवाज उठाती रहेगी।

इसबीच, केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने कांग्रेस की पदयात्रा पर तंज कसा। उन्होंने ट्वीट किया, ''गांधीजी की जयंती पर कांग्रेस पद यात्रा कर रही है। कांग्रेस कार्यालय से राजघाट की बजाय कांग्रेसी राहुल गांधी की परिक्रमा कर लें, उनकी पदयात्रा पूरी हो जाएगी।''

प्रियंका गांधी ने लखनऊ के शहीद स्मारक से कार्यकर्ताओं के साथ हजरतंगज स्थित गांधी प्रतिमा तक पदयात्रा की। उन्होंने कहा, ''प्रदेश में महिलाओं के साथ अन्याय और अत्याचार हो रहा है। मैं उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता के घर मिलने गई थी। वहां लड़की की मां और परिजन को घर में बंद कर रखा गया है। हमें प्रशासन ने बोलने की अनुमति नहीं दी है, लेकिन कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।''

कांग्रेस ने सोमवार को चिन्मयानंद केस में पीड़ित छात्रा के समर्थन में शाहजहांपुर से लखनऊ तक पदयात्रा निकालने का ऐलान किया था। पुलिस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद समेत 350 कांग्रेसियों को गिरफ्तार लिया था। कांग्रेस ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ''न्याय की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। कांग्रेस हक की आवाज को हमेशा उठाती आई है, अब हम मौन विरोध करेंगे।'' 

Tags:    

Similar News