जिला पंचायत सदस्य समेत के खिलाफ केस दर्ज, अयोध्या पर फैसले के बाद माहौल खराब करने की कोशिश में कई गिरफ्तार

Update: 2019-11-09 09:07 GMT

सुलतानपुर: अयोध्या मामले पर फैसले से पहले सोशल मीडिया पर सख्त निगरानी रख रही यूपी पुलिस ने शुक्रवार को ट्विटर पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में सुलतानपुर नगर पालिका अध्यक्ष के पति एवं जिला पंचायत सदस्य अजय जायसवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि उक्त शख्स ने सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक पोस्ट की थी, जिसके खिलाफ अधिकारियों ने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के पास शिकायत की थी।

शिकायत मिलने के बाद एसपी के आदेश पर नगर कोतवाली में नगर पालिका अध्यक्ष बबिता जायसवाल के पति जिला पंचायत सदस्य अजय जायसवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। केस दर्ज होने के बाद एसपी ने अजय जायसवाल को कार्यालय में बुलाकर चेतावनी दी और फिर सोशल मीडिया से पोस्ट डिलीट कराया। हालांकि एसपी हिमांशु कुमार ने बताया कि अजय जायसवाल के खिलाफ जल्द ही चार्जशीट दायर की जाएगी।

सुलतानपुर के अलावा पुलिस ने बस्ती जिले के एक युवक को भी आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि युवक द्वारा एक आपत्तिजनक पोस्ट डालने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस से इसकी शिकायत की थी।

इसके बाद बस्ती जिले की कोतवाली पुलिस ने सोशल मीडिया पर लिखी गई पोस्ट का संज्ञान लेते हुए उक्स शख्स को गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि पुलिस उक्त शख्स के खिलाफ आईटी ऐक्ट में केस दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।

नोएडा पुलिस ने भी दो लोंगों को गिरफ्तार किया है। फिलाहल सोशल मिडिया पर यूपी पुलिस की सबसे पैनी निगाह बनी हुई है।

अयोध्या मामले में शनिवार को सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद कई जगह पुलिस को सख्ती दिखानी पड़ी। बागपत में शराब के नशे में धुत एक युवक ने हंगामा किया। मेरठ में फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने के मामले में सिविल लाइन थाने की पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। नौचंदी और ब्रह्मपुरी में भी पुलिस ने आतिशबाजी करने पर छह युवकों को पकड़ा है।

मेरठ पुलिस ने आपत्तिनजक पोस्ट डालने के आरोप में लक्ष्मण शर्मा नाम के युवक को गिरफ्तार किया है। वह मूल रूप से मथुरा में थाना नौहझील के ग्राम भगवान गढ़ी का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ आईटी ऐक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

दूसरी तरफ नौचंदी थाने की पुलिस ने अदालत का फैसला आने के बाद धारा 144 का उल्लंघन करते हुए आतिशबाजी करने के आरोप में तीन युवकों अपूर्व, सुरेंद्र और प्रवीण को गिरफ्तार किया है। मेरठ में ब्रह्मपुरी क्षेत्र में पुलिस ने अखिल भारतीय हिंदू महासभा के कार्यालय को सील करते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक शर्मा को नजरबंद कर दिया है।

Tags:    

Similar News