मेरठ पुलिस को बड़ी कामयाबी, छापे के दौरान 25 करोड़ के पुराने नोट किए जब्त, 4 लोग गिरफ्तार

नोटबंदी के 13 महीने बाद मेरठ पुलिस को उस वक़्त बड़ी कामयाबी मिली जब पुलिस ने एक प्रोपर्टी डीलर के ऑफिस पर छापा मारकर 25 करोड़ रुपए की पुरानी करेंसी बरामद किए;

Update: 2017-12-30 06:15 GMT

नई दिल्ली : नोटबंदी के 13 महीने बाद मेरठ पुलिस को उस वक़्त बड़ी कामयाबी मिली जब पुलिस ने परतापुर थाना इलाके के राजकमल एन्क्लेव में प्रोपर्टी डीलर और बिल्डर संजय मित्तल के दफ्तर पर छापा मारकर 500 और 1000 रुपए के लगभग 25 करोड़ रुपए मूल्य की पुराने नोट बरामद किए।

बताया जाता है कि पुरानी नोट को बदलने के एवज में यहां डीलिंग चल रही थी। पुलिस ने शुक्रवार को इस मामले में मौके से चार लोगों को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है।

बताया जाता है कि बिल्डर संजीव मित्तल के मेरठ में कई प्रोजेक्ट चल रहे हैं। दिल्ली रोड स्थित राजकमल एन्क्लेव में पुलिस का छापा पड़ते ही प्रॉपर्टी डीलर संजीव मित्तल फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक दिल्ली के एक व्यक्ति के जरिए कमीशन पर पुराने नोट बदलने का सौदा तय हुआ था।

वहीं मौके से गिरफ्तार किए गए एक शख्स ने बताया कि उन्हें इस संबंध में ज़्यादा जानकारी नहीं है और ये पैसा संजीव मित्तल का है और वो इस पैसे को एक नामी तेल कम्पनी के जरिए आरटीजीएस करना चाहते थे।

बता दें पुलिस पिछले 8-10 दिन से इंटरसेक्शन सर्विलांस और दूसरे माध्यम से इस पर नजर बनाए हुए थे। पुलिस को छापेमारी के दौरान ऑफिस के भीतर प्लास्टिक के 10 कट्टों में तकरीबन 25 करोड़ रुपए की पुरानी करेंसी रखी हुई मिली। फिलहाल पुलिस इस मामले की पूरी छानबीन कर रही है।

Similar News