उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में चलती ट्रेन में दबंगों ने तीन मौलवियों को जमकर पीटा. इतना ही नहीं पिटाई के बाद तीनों को चलती ट्रेन से बाहर फेंक दिया. हमले में तीनों को गंभीर चोटें आई हैं.
दरअसल तीनों मौलवी बागपत के अहेड़ा गांव के रहने वाले हैं, जो बुधवार रात एक पैसेंजर ट्रेन से दिल्ली से वापस लौट रहे थे. तभी मामूली बात को लेकर दबंगों ने उनकी पिटाई कर दी. उन्हें लोहे के रॉड से पीटा गया और फिर बड़ा रेलवे स्टेशन पर फेंक कर फरार हो गए.
ग्रामीणों ने तीनों मौलवियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी गई. फिलहाल मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामल दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है. घायलों में इसरार और रोजुद्दीन अहेड़ा गांव के एक मदरसे में बच्चों को पढ़ाने का काम करते हैं. बुधवार को तीनों बागपत से दिल्ली मरकज मस्जिद को देखने गए थे. जब वे वापस लौट रहे थे तो उनके साथ चलती ट्रेन में मारपीट की गई.
इसरार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वे अहेड़ा पहुंचने वाले थे. उन्होंने जब जूते पहने और उतरने के लिए खड़े हुए तो ऊपर बैठे लोगों ने गेट बंद कर दिया. जिसके बाद उन लोगों ने पिटाई शुरू कर दी. हमलावर करीब सात की संख्या में थे. इसरार ने कहा कि वे हमलावरों के नाम नहीं जानते, लेकिन वे उन्हें पहचान सकते हैं.