करोड़ों की रंगदारी मांगने वाले दो बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार - एसपी सिटी
नोएडा थाना फेस 2 क्षेत्र में कंपनी चलाने वाले एक उद्योगपति व उसकी बेटी की कार के ऊपर गोली चलाकर हत्या के प्रयास करने के बाद ...;
नोएडा : नोएडा थाना फेस 2 क्षेत्र में कंपनी चलाने वाले एक उद्योगपति व उसकी बेटी की कार के ऊपर गोली चलाकर हत्या के प्रयास करने के बाद फोन पर उससे दो करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने वाले 3 बदमाशों को आज रात को थाना फेस-2 पुलिस ने एक पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। इस मुठभेड़ में दो बदमाशों को गोली लगी है ।गंभीर हालत में उन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनके पास से पुलिस ने अवैध हथियार व चोरी की मोटरसाइकिल तथा उद्यमी को धमकी देने वाला फोन बरामद किया है।
एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आज रात को थाना फेस-2 पुलिस चेकिंग कर रही थी। तभी कुछ लोग मोटरसाइकिल पर आते हुए दिखाई दिए। जब पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो उन लोगों ने पुलिस पार्टी पर अंधाधुंध गोलियां चला दी। एस पी ने बताया कि जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोलियां चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली आजाद वह विकास को लगी है। इनके कुछ साथी मौके से भाग गए।
एसपी ने बताया कि भागे हुए बदमाशों का पुलिस ने पीछा कर संजू नामक एक बदमाश को अंधेरे में पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि घायल दोनों बदमाशों को एक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। इनके पास से चोरी की मोटरसाइकिल व अवैध हथियार बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि इन बदमाशों ने कुछ समय पूर्व सेक्टर 81 में फैक्ट्री चलाने वाले उमेश बिज व उनकी बेटी पल्लवी बिज के ऊपर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई थी। गोली चलाने के बाद इन लोगों ने उद्योगपति को फोन करके कहा था कि हमें दो करोड़ रुपए रंगदारी के रूप में दे दो नहीं तो तुम्हारी हत्या कर दी जाएगी। एसपी ने बताया कि पुलिस भागे हुए अन्य बदमाशों की तलाश में छापेमारी कर रही है।