नोएडा फर्जी एनकाउटर : युवक को गोली मारने वाला दारोगा गिरफ्तार, चार पुलिसकर्मी सस्पेंड

नोएडा सेक्टर 122 में शादी समारोह से घर लौट रहे जिम ट्रेनर को पुलिस के दरोगा ने गोली मार दी।;

Update: 2018-02-04 10:10 GMT
Noida SSP Love Kumar
नोएडा : यूपी के गौतम बुद्ध नगर जिले में नोएडा सेक्टर 122 में शादी समारोह से घर लौट रहे जिम ट्रेनर को पुलिस के दरोगा ने गोली मार दी। घायल व्यक्ति का नाम जितेंद्र यादव है जिसे नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती किया गया है। घायल की हालत नाजुक बताई जा रही है क्योंकि गोली उसकी गर्दन के पास रीढ़ की हड्डी में फंसी है। 

नोएडा के एसएसपी लव कुमार ने बताया आरोपी दारोगा को गिरफ्तार करने के साथ उसे सस्पेंड कर दिया गया है। इसके अलावा एसएसपी ने चार सिपाहियों को लापरवाही बरतने के आरोप में सस्पेंड कर दिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 307 का मुकदमा दर्ज किया है।

नोएडा के एसएसपी लव कुमार के मुताबिक, फायरिंग के पीछे कोई पर्सनल कारण भी हो सकता है क्योंकि दोनों पक्ष एक दूसरे को जानता है। सब-इंस्पेक्टर शराब के नशे में था जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। लव कुमार ने हॉस्पिटल में पीड़ितों से मुलाकात की और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।

सब-इंस्पेक्टर विजय दर्शन पर आरोप है कि उसने जितेंद्र यादव (25 वर्ष) और उसके दोस्तों को नोएडा सेक्टर 122 पुलिस चौकी के पास टोकाटाकी कर रोक लिया। जितेंद्र और उसके तीन दोस्त एक कार में सवार थे। ये सभी लोग एक शादी समारोह से लौट रहे थे। आरोप में कहा गया है कि पुलिस चौकी के पास जितेंद्र और उसके दोस्तों को रोका गया जिसपर इनकी बहस हो गई।

पीड़ितों के परिजनों का कहना है कि आरोपी पुलिस अधिकारी जितेंद्र के जिमखाने में अक्सर आया-जाया करता था। आगे उन्होंने कहा, सब-इंस्पेक्टर ने बिना किसी कारण जितेंद्र और उसके दोस्तों पर गोलियां झोंक दी।

Similar News