नोएडा: तेज रफ्तार कार नाले में गिरने से रेडियो जॉकी तान्या खन्ना की मौत
नोएडा के थाना फेज़-2 के पास बीती रात को एक बड़ा हादसा हुआ है। सेक्टर 85 के पास नाले में तेज रफ्तार कार गिरने से एक रेडियो जॉकी की मौत हो गई है।;
नोएडा : नोएडा के थाना फेज़-2 के पास बीती रात को एक बड़ा हादसा हुआ है। सेक्टर 85 के पास नाले में तेज रफ्तार कार गिरने से एक रेडियो जॉकी की मौत हो गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
खबर के मुताबिक, सेक्टर 94 के पास नाले में तेज रफ्तार कार गिर गई। इस हादसे में एक रेडियो जॉकी तान्या खन्ना की मौत हो गई है। बीती रात तान्या दो बजे अपने ऑफिस से निकली थीं और घर जा रही थीं।
इस घटना की सूचना किसी राहगीर ने पुलिस को दी। मौके पर दमकल विभाग व नोएडा पुलिस की टीम वहां पहुंची। क्रेन की सहायता से कार को नाले से बाहर निकाला गया। नाले में पानी भरा हुआ था, जिसमें कार आधे से ज्यादा डूब गई थी।
थाना सेक्टर फेस-2 के थानाध्यक्ष सत्येंद्र राय ने बताया कि एफएम 98.3 (रेडियो मिर्ची) में काम करने वाली तान्या खन्ना (26वर्ष) देर रात ढाई बजे के करीब अपनी कार से सेक्टर 85 के पास से गुजर रही थी। तेज गति से जा रही उनकी कार अनियंत्रित होकर बड़े नाले में जा गिरी। कार की स्थिति काफी खराब थी। पुलिस ने तान्या को कार से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
रेडियो जॉकी तान्या खन्ना गाजियाबाद के कविनगर में रहती थी। पुलिस ने देर रात को हादसे की सूचना तान्या के पिता को दी। वह सुबह 4 बजे थाने पहुंचे। हादसे की जो तस्वीरें सामने आई हैं वो काफी दहला देने वाली हैं।