बिहार

पटना में कोचिंग से लौट रही छात्रा को गोली मारने का लाइव VIDEO आया सामने, पीछा किया फिर गर्दन पर गोली मारकर भागा

Arun Mishra
18 Aug 2022 6:01 AM GMT
पटना में कोचिंग से लौट रही छात्रा को गोली मारने का लाइव VIDEO आया सामने, पीछा किया फिर गर्दन पर गोली मारकर भागा
x
छात्रा अपने कोचिंग से पढ़कर घर जा रही थी, तभी पहले से घात लगाए एक अपराधी ने छात्रा को पीछे से गोली मार दी।

बिहार में अपराधी बेखौफ हो गए हैं। बड़ी खबर राजधानी पटना से है, जहां एक छात्रा को अज्ञात अपराधी ने गोली मार दी है। घटना बुधवार की सुबह की है, जब काजल नाम की छात्रा बेउर थाना क्षेत्र के सिपारा इलाके के अपने कोचिंग से पढ़कर घर जा रही थी, तभी पहले से घात लगाए एक अपराधी ने छात्रा को पीछे से गोली मार दी।

घटना का CCTV फुटेज अब सामने आ गया है. वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक युवक छात्रा को पीछे से गोली मार रहा है. वारदात से पहले वो छात्रा का पीछा करता है. जैसे ही लड़की गली में जाने के लिए मुड़ी, उसने झोले में रखी पिस्टल निकाली और गोली मार दी। इसके बाद वो वहां से भाग निकला।

पटना के सिपारा इलाके में बुधवार की सुबह 15 साल की काजल कुमारी को गोली मार दी गई। पूरी वारदात वहां पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। सामने आए 33 सेकेंड के फुटेज को देखने पर यह स्पष्ट हुआ है कि सुबह में 7 बजकर 36 मिनट पर काजल को पीछे से गोली मारी गई है।

झोले में लेकर आया था पिस्टल

काजल क्लास 9th की स्टूडेंट है। वो एक प्राइवेट कोचिंग से क्लास कर वापस अपने घर पैदल जा रही थी। उसने कंधे पर एक बैग टांग रखा था। कोचिंग से करीब 200 मीटर की दूरी पर मेन रोड से जब वो गली की तरफ मुड़ी, कॉर्नर पर उससे पहले एक युवक दिखा।

लड़के ने सिर पर टोपी पहन रखी थी और चेहरे पर मास्क लगा रखा था। जींस और शर्ट पहने लड़के के हाथ में एक झोला भी था। वो गली की ओर बढ़ती हुई काजल को देखता रहा। जैसे ही काजल उससे आगे बढ़ी, वैसे ही उसने अपने झोले से लोडेड पिस्टल निकाली। पीछे से कुछ कदम चलकर सीधे काजल के सिर पर फायर कर दिया। गोली लगते ही लड़की उसी जगह गिर गई। जबकि, गोली मारने वाला पैदल ही रोड पार कर जक्कनपुर के जयप्रकाश नगर की तरफ भाग गया।

वो गोली लड़की के सिर में मारना चाहता था, पर सिर के नीचे गर्दन में जा लगी। फिलहाल लड़की की हालत गंभीर है। प्राइवेट हॉस्पिटल में उसका इलाज चल रहा है।

Next Story