बिहार

कांग्रेस तेजस्वी को सीएम उम्मीदवार मानने काे तैयार लेकिन रखी ये शर्त

Arun Mishra
26 Sep 2020 4:58 PM GMT
कांग्रेस तेजस्वी को सीएम उम्मीदवार मानने काे तैयार लेकिन रखी ये शर्त
x
कांग्रेस भाजपा विरोध का नेतृत्व देशस्तर पर करती है।

बिहार : कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष अविनाश पांडेय ने कहा कि बिहार में राजद बड़ी पार्टी है। तेजस्वी यादव को गठबंधन में सीएम उम्मीदवार मान सकते हैं। कांग्रेस भाजपा विरोध का नेतृत्व देशस्तर पर करती है। बिहार में भी सम्माजनक समझौता नहीं हुआ तो हम सभी 243 सीटों पर लड़ने को तैयार हैं। हमारा जनाधार वापस लौटा है। उम्मीदवारों की सूची भी तैयार है।

पांडेय शनिवार को पटना आने के बाद सदाकत आश्रम में प्रेस से बात कर रहे थे। कहा कि चुनाव जीतने वाले उम्मीदवार को ही पार्टी मैदान में उतारेगी। कार्यकर्ताओं का समर्पण, पार्टी के प्रति निष्ठा ही उम्मीदवार चयन का आधार होगा। जिसने दिन-रात पार्टी के लिए मेहनत की है, उसे हर हाल में प्राथमिकता मिलेगी। उन्होंने कहा कि बिहार का चुनाव देश में बड़ा संदेश देगा। इस बार पूरी ताकत से एनडीए को यहां से उखाड़ फेंकना है।

गठबंधन हुआ तो जिन सीटों पर हमारे उम्मीदवार होंगे, वहां तो लड़ेंगे ही। दूसरी सीटों पर सहयोगी दल के उम्मीदवारों के भी काम हमारी तैयारी आएगी। कितनी सीटें मिलेंगी और कितनी पर कांग्रेस समझौता कर सकती है, यह मामला पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्य प्रभारी को तय करना है। इतना तो तय है कि गत चुनाव में जितनी सीटें मिली थीं, उससे ज्यादा ही सीटों पर बात बनेगी। उपेन्द्र कुशवाहा के बारे में पूछने पर उन्होंने इतना ही कहा कि हम चाहते हैं कि भाजपा विरोधी ताकतें एकजुट हों।

Next Story