दरभंगा

दरभंगा में बनेगा नया तटवंध: मुख्यमंत्री

सुजीत गुप्ता
1 Sep 2021 11:30 AM GMT
दरभंगा में बनेगा नया तटवंध: मुख्यमंत्री
x

कुमार कृष्णन

पटना। कमला और बगमती नदी के बीच चार किलोमीटर लंबा नया तटबंध बनेगा। इसके बनने से कमला और बागमती के साथ-साथ कोसी नदी के पानी से होने वाली बाढ़ से राहत मिलेगी। दरभंगा के कुशेश्वरस्थान के पास इसका निर्माण होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस तटबंध के बन जाने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। इस योजना पर काम शुरू कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी साल में छह महीने इस इलाके में पानी रहता है। तटबंध बन जाने से तीन नदियों के पानी से बचाव हो सकेगा। मालूम हो कि कमला के बाएं तटबंध और बागमती के दाएं तटबंध के बीच में चार किलोमीटर का गैप है। कोसी का पानी भी इस गैप में आ जाता है। चार किमी तटबंध बन जाने से इन तीनों नदियों के पानी से बचाव होगा।

मुख्यमंत्री ने मधुबनी एवं दरभंगा जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद एनडीआरएफ की नाव से दरभंगा के कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड स्थित ग्राम अदलपुर, सहोरवा सहित आस-पास के इलाकों का जायजा लिया। सड़क किनारे शरण लिए बाढ़ प्रभावित लोगों को दी जा रही सुविधाओं की पूरी जानकारी ली और पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि बाढ़ राहत शिविर में लोगों को कोई असुविधा न हो, यह सुनिश्चत करें। वहां उच्च माध्यमिक विद्यालय मसानखोर में बाढ़ राहत शिविर का जायजा लेने के क्रम में बाढ़ प्रभावित गर्भवती महिलाओं का आश्रय स्थल, सामुदायिक रसोई, आवासन, विद्यालय में चल रहे स्मार्ट क्लास की भी जानकारी ली। शंकरा मॉडर्न पब्लिक स्कूल ग्यासपुरा में टीकाकरण केंद्र सह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने मोहम्मद रब्बानी को मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक कल्याण योजना के तहत दो लाख का चेक, नजमा आफरीन को मुस्लिम परित्यक्ता/तलाकशुदा महिला सहायता योजना के तहत 25 हजार का चेक और बाढ़ प्रभावित ममता देवी को राहत शिविर में पुत्री पैदा होने पर 15 हजार का चेक दिया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हेलीकॉप्टर से दरभंगा पहुंचे। मिशन बाढ़ राहत के तहत दरभंगा औरमधुबनी का दौरा पहले से तय था। वहां पक्षी विहार में बनाये गए हेलीपैड पर उतरने के बाद वे मोटर बोट से अदलपुर और सहोरबा की ओर रवाना हो गये। मुख्यमंत्री ने बाढ़ में फंसे लोगों तक पहुंचकर उनका हाचचाल जाना। अदलपुर तक जाने का रास्ता नही होने के कारण मुख्यमंत्री को मोटरबोट से जाना पड़ा।

अदलपुर में मुख्यमंत्री ने बाढ़ से विस्थापित लोगों से मुलाकात कर मिलने वाली राहत की जानकारी ली। वहां कोरोना टीकाकरण कार्यक्रम के बारे में भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री के साथ जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, जल संसाधन विभाग के सचिव संजीव हंस,परिवहन विभाग के सचिव संजय अग्रवाल, आयुक्त दरभंगा प्रमंडल मनीष कुमार, पुलिस महानिरीक्षक, मिथिला क्षेत्र अजिताभ कुमार, दरभंगा डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम, वरीय पुलिस अधीक्षक बाबू राम एवं अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Next Story