दरभंगा

बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में गए कीर्ति आजाद को झटका? दरभंगा सीट से आरजेडी लड़ेगी!

Special Coverage News
26 March 2019 2:07 PM GMT
बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में गए कीर्ति आजाद को झटका? दरभंगा सीट से आरजेडी लड़ेगी!
x
गठबंधन में यह सीट अब राजद के हाथ गई है और कीर्ति आजाद दरभंगा से चुनाव नहीं लड़ पाएंगे।

नई दिल्ली : दरभंगा के मौजूदा सांसद और पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजद को निराशा हाथ लगी है। कीर्ति आजाद कुछ समय पहले ही भाजपा को छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। अब खबर आ रही है कि दरभंगा लोकसभा सीट से आरजेड़ी अपने प्रत्याशी को चुनाव में उतारेगी। जिससे यह साफ हो गया है कि गठबंधन में यह सीट अब राजद के हाथ गई है और कीर्ति आजाद दरभंगा से चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। आरजेडी ने स्पष्ट कर दिया है कि दरभंगा सीट से उनके उम्मीदवार अब्दुल बारी सिद्दीकी चुनाव लड़ेंगे।

आखिरी दौर की बातचीत में भी कांग्रेस को निराशा ही हाथ लगी है। हालांकि राबड़ी देवी के आवास पर हुई बैठक के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने कहा कि सीट छोड़ने का सवाल नहीं है, और महागठबंधन में सीट बंटवारे के सवाल को लेकर कांग्रेस और आरजेडी के नेता ऑल इज वेल बोल रहे हैं।

लेकिन कीर्ति आजाद के लिए ये वकाई गंभीर समस्या है क्योंकि उन्होंने कांग्रेस इस शर्त पर ही ज्वॉइन की थी कि उन्हें दरभंगा से टिकट मिलेगा। कांग्रेस के पास एक और विकल्प वाल्मीकीनगर लोकसभा के रूप में है, जहां से कीर्ति आजाद को मैदान में उतारा जा सकता है। मगर शायद कीर्ति आजाद इसके लिए तैयार नहीं हैं।

भागलपुर के रहने वाले कीर्ति आजाद के पिता भागवत झा आजाद कांग्रेस काल में बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और दरभंगा में कीर्ति आजाद की ससुराल है। इसलिए 1999 और 2004 को छोड़कर वह हमेशा बीजेपी के टिकट पर दरभंगा का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। लेकिन 2014 में मोदी सरकार बनने के बाद वित्त मंत्री अरुण जेटली के साथ हुए विवाद के बाद उन्हें बीजेपी से निकाल दिया गया।

तब से वह लगातार अपनी ही पार्टी को निशाना बनाते रहे और इस साल के शुरू में कांग्रेस का दामन थामकर एक बार फिर से दरभंगा से चुनाव लड़ने की तैयारी करने लगे। लेकिन तमाम तैयारी धरी की धरी रह गई और आरजेडी सीट ले उड़ी। आरजेडी के मुख्य प्रवक्ता भाई वीरेन्द्र ने स्पष्ट कहा कि दरभंगा सीट आरजेडी के हिस्से में है और यहां से अब्दुल बारी सिद्दीकी आरजेडी के उम्मीदवार होंगे। उन्होंने कहा कि कीर्ति आजाद के लिए उनकी पार्टी कांग्रेस कुछ सोच रही होगी और हमारी भी शुभकामनाएं उनके साथ हैं। आरजेडी ने बडी चतुराई से दरभंगा सीट पर अपना दावा किया।

Next Story