बिहार

शरद यादव की बेटी सुभाषिनी राज राव कांग्रेस में शामिल हुईं, लड़ेंगीं बिहार विधानसभा चुनाव!

Arun Mishra
14 Oct 2020 10:49 AM GMT
शरद यादव की बेटी सुभाषिनी राज राव कांग्रेस में शामिल हुईं, लड़ेंगीं बिहार विधानसभा चुनाव!
x
सुभाषिनी राव को राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी द्वारा मैदान में उतारने की उम्मीद है।

बिहार : पूर्व केंद्रीय मंत्री और लोकतांत्रिक जनता दल के प्रमुख शरद यादव की बेटी सुभाषिनी राज राव कांग्रेस में शामिल हो गईं। सुभाषिनी राव को राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी द्वारा मैदान में उतारने की उम्मीद है।

वहीँ, सुभाषिनी राव के साथ लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के महासचिव काली प्रसाद पांडे बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। पांडे पहले ही बिहार के कुचायकोट निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं।

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) 144 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि कांग्रेस 70 सीटों पर। इसके अलावा, वाम दल 29 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पहले चरण के लिए 23 या 24 अक्टूबर को एक वर्चुअल रैली को संबोधित करेंगे।

मालूम हो कि शरद यादव अपनी पार्टी गठित करने से पहले जेडीयू में थे और उन्होंने पार्टी का अध्यक्ष रहने के साथ कई वर्षों तक राजग के संयोजक की भूमिका भी निभाई। वर्ष 2017 में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण शरद यादव को जेडीयू से निकाल दिया गया था। इसके बाद उन्होंने लोकतांत्रिक जनता दल का गठन किया। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में वह महागठबंधन का हिस्सा थे और इसी के बैनर तले मधेपुरा से चुनाव भी लड़ा था लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

Next Story