पटना

बिहार: प्रेमी ने घर ले जाने से इनकार किया तो कोर्ट में ही छत से कूदी प्रेमिका

Shiv Kumar Mishra
19 May 2020 3:30 PM GMT
बिहार: प्रेमी ने घर ले जाने से इनकार किया तो कोर्ट में ही छत से कूदी प्रेमिका
x
लड़की ने मजिस्ट्रेट के सामने राजू कुमार को अपना पति बताते हुए उसके साथ जाने की इच्छा जताई थी।

MADHUBANI : प्रेमी ने घर ले जाने से इनकार किया तो कोर्ट में ही प्रेमिका छत से कूद पड़ी। घटना नगर थाना क्षेत्र में व्यवहार न्यायालय प्रांगण की है। जख्मी हालत में प्रेमिका को पुलिस ने तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। लड़की के हाथ-पैर, कमर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई है। घटना की जानकारी मिलते ही सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कामिनी बाला और नगर थानाध्यक्ष दलबल के साथ कोर्ट परिसर पहुंचे। प्रेमी व उसके पिता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब साढे तीन बजे मजिस्ट्रेट कोर्ट बिल्डिंग से नीचे आने के दौरान यह घटना घटी। घटना के बाद सिविल कोर्ट से लेकर सदर अस्पताल तक अफरातफरी मच गई। अपहरण के एक मामले में कलुआही पुलिस प्रेमी और प्रेमिका का बयान दर्ज कराने कोर्ट पहुंची थी। एसडीपीओ कामिनी बाला ने बताया कि कलुआही थाना क्षेत्र के हरिपुर डीह टोल की राजू कुमार मिश्र का गांव के ही एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के गायब होने पर अपहरण का मामला दर्ज कराया गया था। लड़की ने मजिस्ट्रेट के सामने राजू कुमार को अपना पति बताते हुए उसके साथ जाने की इच्छा जताई थी।

कोर्ट से बाहर निकलने के बाद राजू ने लड़की को साथ ले जाने से इनकार कर दिया। इससे नाराज होकर लड़की ने छत से छलांग लगा दी। एसडीपीओ ने बताया कि लड़की का दाहिना हाथ एवं पैर फैक्चर हो गया है। कई अन्य जगहों पर भी चोटें आई है। राजू कुमार एवं उनके पिता विनोद मिश्र को हिरासत में लिया गया है। लड़की के बयान के अनुसार आगे कार्रवाई की जाएगी। लड़की की मां ने बताया कि शौच जाने के दौरान राजू लड़की को लेकर भाग निकला और लड़के के परिजनों ने उल्टे लड़की के परिजन पर कलुआही थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी जिसके बाद दोनों को पुलिस ने बरामद किया।

Next Story