पटना

बिहार विधान परिषद के सभापति पॉजिटिव, पत्नी और बेटा भी संक्रमित; 4 दिन पहले नए सदस्यों को दिलाई थी शपथ

Arun Mishra
4 July 2020 1:33 PM GMT
बिहार विधान परिषद के सभापति पॉजिटिव, पत्नी और बेटा भी संक्रमित; 4 दिन पहले नए सदस्यों को दिलाई थी शपथ
x
4 दिन पहले 9 एमएलसी को दिलाई थी शपथ, बगल में बैठे थे नीतीश

पटना : देश भर में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है. कोरोना के केस बिहार में भी लगातार बढ़ रहे हैं. बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनकी पत्नी, बेटा और पीए भी संक्रमित हो गए हैं। सभी को पटना एम्स में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि तीन दिनों से उनकी तबीयत खराब थी। उन्हें खांसी और बुखार की शिकायत थी। इसके बाद पूरे परिवार और संपर्क में आए लोगों की कोरोना जांच कराई गई।

4 दिन पहले 9 एमएलसी को दिलाई थी शपथ, बगल में बैठे थे नीतीश

4 दिन पहले अवधेष नारायण सिंह ने नवनिर्वाचित 9 विधान पार्षदों को शपथ दिलाई थी। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, विधानसभा अध्यक्ष विजय चौधरी, मंत्री श्रवण कुमार उनके बगल में बैठे थे। एक पुलिसकर्मी उनके पीछे था।


अब तक कई नेता हो चुके हैं पॉजिटिव

इसके पहले बिहार के कई राजनेता पॉजिटिव पाये गए हैं। राजद के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह, मंत्री विनोद सिंह, विधायक जीवेश मिश्रा और औरंगाबाद से कांग्रेस विधायक आनंद शंकर भी पॉजिटिव पाये गए हैं। हालांकि रघुवंश प्रसाद सिंह ने कोरोना को मात दे दी है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इसके अलावा बांका की पूर्व सांसद पुतुल कुमारी भी पॉजिटिव पाई गई थीं। उन्‍हाेंने इसकी जानकारी खुद ही सोशल मीडिया पर दी थीं। बाद में पुतुल कुमारी ने भी कोरोना को मात देकर घर लौट आई हैं।

Next Story