पटना

मुख्यमंत्री ने बख्तियारपुर भ्रमण कर विभिन्न योजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण और अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

सुजीत गुप्ता
11 Dec 2021 10:03 AM GMT
मुख्यमंत्री ने बख्तियारपुर भ्रमण कर विभिन्न योजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण और अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
x

कुमार कृष्णन

पटना।गंगा की पुरानी धारा को बख्तियारपुर के किनारे वापस लाने की कवायद शुरू है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गंगा के सोता के पुनरुद्धार कार्य के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने दियारा क्षेत्र एवं विभिन्न घाटों का मुआयना किया। घोसवारी घाट, रवाइच ठाकुरबाड़ी घाट, सीढ़ी घाट, राम नगर दियारा, राम नगर दियारा पुल के भ्रमण के दौरान इसके पुनरुद्धार कार्य को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माणाधीन कार्य का जायजा लिया और इसे अविलंब पूरा करने को कहा। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि इसका सिविल कार्य 31 मार्च 2022 तक पूर्ण हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने गंगा नदी की पुरानी धारा को बख्तियारपुर के किनारे तक वापस लाने के लिए गंगा के सोता के पुनरोद्धार कार्य के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने दियारा क्षेत्र एवं विभिन्न घाटों का जमीनी मुआयना किया। प्रखंड परिसर के बगल में पशु अस्पताल का नया भवन बनाने को कहा। मुख्यमंत्री ने मंजू सिन्हा प्रोजेक्ट गर्ल्स हाईस्कूल के नए भवन को देखा। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जायजा लिया।

श्री गणेश उच्च विद्यालय का नया भवन बनाने का निर्देश दिया। डाकबंगला में अधिकारियों के साथ बैठक कर व योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष उदयकांत मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार व चंचल कुमार, विकास आयुक्त आमिर सुबहानी, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर आदि भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री बख्तियारपुर के कुआं, गंगा घाट व स्कूल को देख बचपन की यादों में खो गए। उन्होंने साथ चल रहे लोगों से कहा-यह कुंआ मीठे जल का इकलौता कुंआ था, जहां से सभी लोग पीने के लिए पानी लेकर जाते थे। उन्होंने इस कुआं का जीर्णोद्धार कराने को कहा। बाेले- सीढ़ी घाट के पास ही हमलोग बचपन में स्नान करने आते थे। मां के साथ छठ में भी आते थे।' उन्होंने श्री गणेश उच्च विद्यालय का नया भवन बनाने का निर्देश दिया। कहा-'...हमारा यहीं जन्म हुआ है। हमारी इच्छा थी कि यहां एक इंजीनियरिंग कॉलेज बने। यह चल रहा है। इसे देखकर काफी खुशी मिलती है।'

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी इच्छा थी कि यहां एक इंजीनियरिंग कॉलेज बने। अब इंजीनियरिंग कॉलेज बन गया है। यहां छात्र-छात्राएं अच्छे ढंग से पढ़ाई करें, उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हो, इसका ध्यान रखें। राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय के निरीक्षण के दौरान कहा कि इंजीनियरिंग संस्थानों में लड़कियों के लिए एक तिहाई सीटें आरक्षित की गई हैं। सरकार की मंशा है कि लड़कियां उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी आगे आएं, खूब पढ़ें।

अधिकारियों को कहा कि यहां के बालिका छात्रावासों में बेड की संख्या को और बढ़ाएं। राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुतीकरण भी दिया गया, जिसमें महाविद्यालय में शिक्षण व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी गई। प्रस्तुतीकरण के पश्चात अधिकारियों को मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियंत्रण महाविद्यालय का एक तरफ से पटना-बख्तियारपुर 4 लेन (एनएच-31) सड़क से संपर्क है तो दूसरी तरफ पटना-बख्तियारपुर पुरानी एनएच-30 से संपर्क है।

इस संपर्क पथ का चौड़ीकरण कराएं, जिससे दोनों तरफ से आवागमन और आसान हो। रेल लाइन के नीचे से संपर्क पथ कम चौड़ा है, उसके ऊपर आरओबी का निर्माण कराएं। मुख्यमंत्री ने राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय के परिसर में वृक्षारोपण भी किया।

सीएम ने मंजू सिन्हा प्रोजेक्ट गर्ल्स हाईस्कूल के नए भवन और गणेश आदर्श संस्कृत प्राथमिक सह माध्यमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण के बाद परिसर में स्थापित शीलभद्र याजी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। प्रखण्ड सह अंचल कार्यालय परिसर में स्थापित शहीद मोगल सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्घांजलि दी। शहीद नाथू सिंह पार्क जाकर नाथू सिंह की प्रतिमा तो गणेश उच्च विद्यालय परिसर में स्वतंत्रता सेनानी डूमर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। वहीं बख्तियारपुर के डाकबंगला परिसर के गृह वाटिका में स्थापित स्वतंत्रता सेनानी कविराज रामलखन सिंह की आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

सुजीत गुप्ता

सुजीत गुप्ता

    Next Story