पटना

नीतीश से मिले कुशवाहा, बिहार की सियासत में होगा बड़ा उलटफेर

Shiv Kumar Mishra
6 Dec 2020 3:44 AM GMT
नीतीश से मिले कुशवाहा, बिहार की सियासत में होगा बड़ा उलटफेर
x
बिहार के सीएम नीतीश कुमार से राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा की मुलाकात के बाद बिहार की राजनीति में उथल पुथल की संभावनाएं तेज हो गई हैं।

बिहार की सियासत में एक बार फिर कुछ बड़ा उथल पुथल होने की उम्मीद है। दरअसल, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की खबरें सामने आई हैं। जानकारी के अनुसार, बीते 2 दिसंबर को उपेन्द्र कुशवाहा ने एक अणे मार्ग स्थित सीएम हाउस में नीतीश कुमार से मुलाकात की है।

इस मुलाकात की खबर के बाद से ही कयास लगाया जा रहा है कि जल्द रालोसपा का जदयू में विलय हो सकता है। इस चर्चा पर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सांसद बशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा है कि दोनों नेता एक ही धारा से हैं। अगर दोनों एक साथ आ जाते हैं तो क्या हर्ज है।

बिहार विधानसभा चुनाव में भी एक भी सीट नहीं जीत पाई रालोसपा अपना राजनीतिक अस्तित्व बचाने की जुगत में लगी हुई है। इसी कड़ी में पिछले दिनों रालोसपा प्रमुख ने एक अणे मार्ग में मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। रालोसपा प्रवक्ता राजेश यादव के अनुसार दोनों नेताओं की मुलाकात 2 दिसबर की रात में ही हुई है।

बता दें कि हाल में संपन्न हुई 17वीं बिहार विधानसभा के पहले सत्र के अंतिम दिन 27 नवंबर को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की टिप्पणी से सत्ताधारी दल के साथ ही रालोसपा प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा ने भी नाराजगी जताई थी। कुशवाहा ने तेजस्वी यादव के आचरण को अशोभनीय बताते हुए उनकी टिप्पणी को अमर्यादित बताया था। यह भी कहा था कि ऐसी घटनाओं में वे सीएम नीतीश कुमार के साथ हमेशा खड़े रहेंगे।

Next Story