पटना

ईद की बधाई देने गांधी मैदान पहुंचे नीतीश, गिरिराज सिंह जैसों को दी ये नसीहत!

Special Coverage News
5 Jun 2019 5:13 AM GMT
ईद की बधाई देने गांधी मैदान पहुंचे नीतीश, गिरिराज सिंह जैसों को दी ये नसीहत!
x

यहां गांधी मैदान में बुधवार को ईद की नमाज अदा की गई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी गांधी मैदान पहुंचे और सभी को ईद की बधाई दी। उन्होंने नाम लिए बिना भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को भी जवाब दिया। उन्होंने कहा- जो अपने धर्म के सम्मान की बात करता है और दूसरे धर्म की नहीं, वह धार्मिक नहीं अधार्मिक है। हमें सभी धर्म के प्रति सम्मान व्यक्त करना चाहिए।

नीतीश ने कहा कि समाज में एक-दूसरे के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल होता है। यह बंद होना चाहिए। सबको एक-दूसरे के प्रति सम्मान रखना चाहिए। यही धर्म है। चाहे आप किसी भी धर्म को अपनाइए। सभी का उपदेश यही है कि प्रेम से अपना काम करिए और दूसरे के प्रति सम्मान का भाव रखिए। इसके अलावा कोई अगर इधर-उधर सोचता है तो समझ लीजिए वह धार्मिक व्यक्ति नहीं है। धर्म में उसकी आस्था नहीं। वह धर्म को बदनाम करना चाहता है। हम सब लोगों से प्रार्थना करते हैं कि प्रेम और सद्भावना बनाए रखें।

नीतीश ने कहा, 'मैं किसी खास व्यक्ति पर प्रतिक्रिया नहीं देता हूं। मैं सबको शुरू से जानता हूं। कुछ लोगों की आदत होती है कि ऐसा कुछ बोलो जिस पर खूब प्रतिक्रिया हो। ईद के अवसर पर गांधी मैदान में हर साल नमाज का आयोजन होता है। 2006 में इस रोज यहां आने की परंपरा की शुरू हुई थी। मैं आता हूं और लोगों को पर्व की शुभकामना देता हूं। कौन सा ऐसा पर्व है जिसकी शुभकामना नहीं देता?

इस बात की जानकारी जब बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह को मिली तो उन्होंने मंत्री गिरिराज सिंह को फटकार लगाते हुए कहा कि इस तरह की बयान बाजी करने से बाज आयें। जब पहली ही मीटिंग में पीएम मोदी ने सबको हिदायत देदी है तो फिर ये सब क्यों हो रहा है।

गिरिराज ने नीतीश के इफ्तार में शामिल होने पर किया था तंज

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इफ्तार पार्टियों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व अन्य नेताओं की चार तस्वीरें मंगलवार को ट्वीट पर डालीं और तंज कसा। तस्वीरों के नीचे लिखा-'कितनी खूबसूरत तस्वीर होती जब इतनी ही चाहत से नवरात्रि पर फलाहार का आयोजन करते। और सुंदर-सुंदर फोटो आते? अपने धर्म-कर्म में हम पिछड़ क्यों जाते हैं और दिखावे में आगे रहते हैं?'

Next Story