पटना

तेजस्वी के रोजगार के वादे पर नीतीश ने कहा- पूरा प्रयास करेंगे, अधिक से अधिक लोगों को रोजगार मिले

Shiv Kumar Mishra
14 Aug 2022 4:10 AM GMT
शराबबंदी कानून: सुप्रीम कोर्ट की नाराजगी के बाद नीतीश सरकार ने बदले नियम
x

पटना से शिवानंद गिरि

उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव द्वारा रोजगार दिये जाने से संबंधित सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री नीतीश ने कहा कि हमलोग इसके लिए पूरा प्रयास करेंगे। सात निश्चय के तहत हमलोगों ने काम किया। हमलोगों ने 2015-16 में जो तय किया था उसके अलावा और कई काम किये गये। उसी का सेकेंड फेज का काम भी हमलोग कर रहे हैं। अधिक से अधिक रोजगार मिले इसके लिए काम किया जा रहा है।

राज्यों का हक तय है : एक अन्य सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा-देश संविधान के मुताबिक चलता है। संवैधानिक प्रावधानों के तहत केंद्र और राज्यों की अपनी-अपनी जिम्मेदारी निर्धारित है। सवाल, नई स्थिति में केंद्रीय मदद में कटौती का था। मुख्यमंत्री ने कहा-ऐसा होगा, तो यह करने वाले खुद एक्सपोज होंगे।

ईडी-सीबीआई के दुरुपयोग से जुड़े सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री का कहना था कि जो भी किसी चीज का दुरुपयोग करेगा, तो जनता एक-एक चीज को समझकर निर्णय लेगी।

प्रधानमंत्री पद का चेहरा बनाये जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा-मेरे मन में ऐसी कोई बात नहीं है। लोग कहते रहें, छोड़िए इन सब बातों को। हमारा काम है सबका काम करना और हम कोशिश करेंगे कि सभी विपक्ष वाले एक साथ मिलकर चलें तो बहुत अच्छा होगा। अच्छा वातावरण रहे ,इसके लिए सब मिलकर कोशिश करेंगे। हमलोग सभी को एकजुट करना चाहेंगे। बहुत लोगों का इस संबंध में फोन आ रहा है, हम पॉजिटव काम कर रहे हैं।

कैबिनेट विस्तार के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी लोग आपस में बात कर रहेे हैं। बहुत जल्द कैबिनेट का विस्तार हो जाएगा। हो सकता है यह काम 15 अगस्त के पहले भी हो जाए। विधानसभा अध्यक्ष के इस्तीफा के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा-'इसके बारे में मैं क्या बोलूं? इस्तीफा तो उनको देना है न।' हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि हाउस (सदन) है न। विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की नोटिस दे ही दी है।'

Next Story