पटना

शादी के 10 घंटे बाद दूल्हा दुल्हन की दर्दनाक मौत, दूल्हा-दुल्हन की मौत से दोनों के गांवों मे मामत पसरा

Shiv Kumar Mishra
7 May 2023 6:48 AM GMT
शादी के 10 घंटे बाद दूल्हा दुल्हन की दर्दनाक मौत, दूल्हा-दुल्हन की मौत से दोनों के गांवों मे मामत पसरा
x
विदाई के वक्त बालू से लदे ट्रक ने मारी कार में टक्कर

शादी में सात फेरे लेने के बाद पति पत्नी के बीच साथ जीने और साथ मरने का रिश्ता बन जाता है। बिहार के नालंदा में एक नवविवाहित जोड़े ने इसे सच कर दिया। दोनों साथ जी तो नहीं सके लेकिन एक साथ दुनिया को अलविदा कह दिय़ा। सिंदूरदान के महज 10 घंटे के भीतर नव दंपती गेठ जोड़े भगवान की शरण में चले गए। एक भीषण सड़क हादसे में दोनों की एक साथ मौत हो गई। प्राण पखेरू हो गए तब भी दोनों के बीच बंधा शादी का गठबंधन कायम था।

क्या था मामला

घटना गिरियक थाना क्षेत्र में एनएच 20 पर हसनपुर गांव के पास हुई। विदाई के बाद दूल्हा-दूल्हन जिस कार से जा रहे थे उसमें बालू लदे ट्रैक्टर ने धक्का मार दिया। जोरदार धक्के से कार का गेट खुल गया और नवविवाहित जोड़ा सड़क पर गिर गया। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने दोनों को कुचल दिया। मौके पर ही दोनों की मौत हो गयी। मृतकों में सतौआ गांव निवासी कारु चौधरी की 19 वर्षीया पुत्री पुष्पा और नवादा के महरावां गांव निवासी तुला चौधरी के 21 वर्षीय पुत्र श्याम शामिल थे। श्याम का बहनोई जख्मी है।

घर में पसरा मातम

गिरियक थाना क्षेत्र के एनएच 20 पर हसनपुर गांव के पास शनिवार को विदाई के बाद सड़क हादसे में दूल्हा-दुल्हन की मौत से दोनों के गांवों मे मामत पसरा है। शादी के दौरान रस्म में पति-पत्नी साथ जीने-मरने की कसम खाते हैं। नवविवाहित जोड़ा साथ जी तो नहीं सका, मरने का वादा निभा गया। शादी के मात्र 10 घंटे बाद ही सड़क दुर्घटना ने दोनों को एक साथ मौत की नींद सुला दिया। दो गांवों के दो परिवारों की खुशियों पर ग्रहण लग गया। दुल्हन गिरियक के सतौआ की रहने वाली थी तो तो दूल्हा नवादा जिले का था।

कुछ घंटे पहले जहां ढोल-तासे बज रहे थे, वहां सिर्फ रोने की गूंज

परिजनों ने बताया कि कारु चौधरी की तीन बेटियां हैं। पुष्पा सबसे छोटी थी। शुक्रवार को धूमधाम से दोनों की शादी हुई थी। बारात नवादा के महरावा गांव से आई थी। शादी की रस्में संपन्न होने के बाद शनिवार को विदाई के बाद दूल्हा-दुल्हन नवादा जा रहे थे। उसी दौरान हादसे के शिकार हो गये। हादसे की जानकारी मिलते ही सतौआ के साथ नवादा के महरावां गांव में मातम पसर गया। पावापुरी मेडिकल कॉलेज में परिजनों के चीत्कार से कोहराम मच गया। कुछ घंटे पहले जहां ढोल-तासे बज रहे थे, वहां सिर्फ रोने की आवाज गूंज रही थी।

ट्रक या ट्रैक्टर?

स्थानीय लोग पुलिस के प्रति आक्रोशित थे। स्थानीय लोग दावा कर रहे हैं कि कुचलने वाला वाहन ट्रक था। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने दूल्हा-दुल्हन व उसके रिश्तेदार को अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने दूल्हा-दुल्हन को मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष जीतेन्द्र कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर जब्त कर चालक की पहचान की जा रही है। बीडीओ निर्मल कुमार ने बताया कि पारिवारिक सहायता के रूप में परिजनों को 20-20 हजार रुपये दिये जाएंगे।

Next Story