पटना

नई पीढ़ी के लोग लोकनायक जयप्रकाश को जानें : नीतीश

Shiv Kumar Mishra
11 Oct 2021 12:26 PM GMT
चरखा समिति के विजिटर बुक में मनतव्य लिखते
x

चरखा समिति के विजिटर बुक में मनतव्य लिखते

पटना।आज लोकनायक जय प्रकाश नारायण की 119वीं जयंती के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को चरखा समिति (प्रभा-जयप्रकाश स्मृति संग्रहालय) कदमकुआं पहुंचे और जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जय प्रकाश नारायण के शयनकक्ष, सभा कक्ष, प्रभावती स्मृति कक्ष सहित पूरे परिसर का मुआयना किया।मुख्यमंत्री ने विजिटर बुक में अपना संदेश लिखा। इस दौरान पथ निर्माण मंत्री नीतीन नवीन, महिला चरखा समिति की अध्यक्ष तारा सिन्हा, संचालिका शकुंतला मिश्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार,जिला पदाधिकारी चंद्रशेखर सिंह,वरीय पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र शर्मा के साथ- साथ संग्रहालय के सहयोगी और कर्मी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि यह लोकनायक जयप्रकाश नारायण का आवास है। वे यहां युवावस्था से ही आते रहे हैं। जेपी मुवमेंट के दौरान सभी सदस्यों की बैठक होती थी। वे हमें काफी स्नेह देते थे। हम प्राय: आकर मिलते थे।

चरखा समिति में श्रद्धा सुमन अर्पित करते

लोकनायक जयप्रकाश नारायण को याद करते हुए नीतीश कुमार ने कहा, 'हमारा सौभाग्य है लोकनायक जय प्रकाश नारायण जी हमें मानते थे। जेपी के विचारों जो विचार हैं, उन्होंने जिस प्रकार नेतृत्व किया उससे हम लोगों को बहुत कुछ सीखने का मौका मिला। आज हम लोग उसी के आधार पर काम कर रहे हैं।'

मुख्यमंत्री ने कहा, 'गांधी, जेपी, लोहिया के विचारों को अपनाते हुए समाज को हमलोगों को आगे बढ़ाना है, समाज में एकता बनाए रखना है, समाज में भाईचारे की भावना रखनी है। इन सब चीजों की सीख हम सभी को इन्हीं लोगों से मिली है।'

मुख्यमंत्री ने कहा कि करोना महामारी के कारण वे नहीं आ पा रहे थे। इस बार मौका मिला तो यहां आकर काफी संतुष्टि मिली। उन्होंने कहा कि यहां की समस्या का निराकरण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, 'लोकनायक जय प्रकाश नारायण के विचारों को कभी भुलाया नहीं जा सकता।हम लोग उन्हीं के विचारो के आधार पर आगे बढ़ते हुए काम कर रहे हैं।हमारा मकसद है कि नई पीढ़ी के लोग इन सब चीजों को जानें।'

राजकीय समारोह में श्रद्धा सुमन अर्पित करते मुख्यमंत्री

लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती के अवसर पर ही आयकर गोलम्बर पर आयोजित राजकीय समारोह में राज्यपाल फागू चौहान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्घांजलि दी। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, पूर्व उप मुख्यमंत्री राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी, पूर्व पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, जिलाधिकारी चन्द्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। मौके पर सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के कलाकारों ने आरती-पूजन एवं भजन कीर्तन का गायन किया।

Next Story