बिहार

महिला को सांप ने डसा तो तांत्रिक से कराया इलाज, हालत बिगड़ने पर मौत

Sakshi
13 May 2022 1:49 PM GMT
महिला को सांप ने डसा तो तांत्रिक से कराया इलाज, हालत बिगड़ने पर मौत
x
बिहार के गोपालगंज जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र के शेर गांव में गुरुवार की सुबह एक कोबरा सांप ने एक महिला को डंस लिया।

बिहार के गोपालगंज जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र के शेर गांव में गुरुवार की सुबह एक कोबरा सांप ने एक महिला को डंस लिया। जिसके बाद परिजन द्वारा उसे डॉक्टर के पास ना ले जाकर अंधविश्वास में फंसकर ओझा गुनी के पास झाड़ फूक कराने लेकर चले गए। यहां महिला की स्थिति नाजुक हो गई। बाद में महिला को सदर अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक महिला शेर गांव निवासी नुरुल इस्लाम की पत्नी अख्तरी खातुन बताई जा रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मृत महिला अख्तरी खातुन सुबह करीब 5.45 बजे मिट्टी का चूल्हा जलाने गयी थी। कोबरा सांप चूल्हा में ही कुंडली मारकर बैठा था। जैसे ही चूल्हा में महिला ने हाथ डाला, सांप ने डस लिया। सांप के डसने के बाद महिला अचेत हो गयी। परिवार के सदस्य किचेन में पहुंचे तो सांप चूल्हा से बाहर निकल रहा था और महिला अचेत पड़ी थी। शोर शराबा सुनकर आसपास के काफी संख्या में ग्रामीण भी जुट गये।

ग्रामीणों के कहने पर परिजन महिला का इलाज कराने के बजाय ओझा-गुनी और तांत्रिक को घर बुलाकर झाड़फूंक के चक्कर में फंस गये। तकरीबन तीन घंटे की झाड़-फूंक में महिला की सुगबुगाहट नहीं दिखी तो आनन-फानन में परिजनों ने उसे बरौली स्वास्थ्य केंद्र में लेकर पहुंचे। जहां डॉ विजय पासवान ने महिला की हालत देखकर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल जाने के दौरान रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया।

Next Story