बिहार

शराबबंदी कानून को तोड़ने वालों को दी जा रही है सजा- ललन

शराबबंदी कानून को तोड़ने वालों को दी जा रही है सजा- ललन
x
मिलन समारोह में डॉ. धर्मेंद्र कुमार अपने समर्थकों के साथ जदयू में शामिल

पटना।जहरीली शराब से बिहार में हुई मौतों के बाद जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने शनिवार को कहा कि हत्या के लिए कानून में फांसी की सजा है, लेकिन लोग हत्या करते हैं और उनको सजा होती है, फांसी होती है। वैसे ही शराबबंदी कानून को तोड़ने वालों को सजा दी जा रही है। सिंह ने यह बात पत्रकारों के सवाल के जवाब में कही।

उन्होंने आगे कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून लागू रहेगा। गोपालगंज-बेतिया मामले की जांच हो रही है। लोगों को पकड़ा जाएगा और उन्हें सजा दी जाएगी। पहले भी गोपालगंज में इस तरह की घटना हुई थी, दोषी लोगों को पकड़ा गया था। उसमें सजा हुई थी। एक पत्रकार ने पूछा कि घर-घर में शराब की डिलीवरी हो रही है। मुख्यमंत्री आवास में भी शराब की डिलीवरी होने की बात कही जा रही है। इस पर ललन सिंह ने कहा कि आप ही चले जाइए शराब लेकर पता चल जाएगा।

राजद के टिकट से कुम्हरार विधानसभा से चुनाव लड़े पूर्व उम्मीदवार डॉ. धर्मेंद्र कुमार अपने समर्थकों के साथ शनिवार को जदयू में शामिल हुए। धर्मेंद्र पेशे से दांत के डॉक्टर हैं। इनको जदयू शामिल कराने के लिए खुद जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, शिक्षा मंत्री विजय चौधरी, जल संसाधन मंत्री संजय झा, जहानाबाद के सांसद चन्द्रेश्वर चन्द्रवंशी सहित कई जदयू के बड़े नेता मौजूद थे।

मिलन समारोह के मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जमकर लालू यादव और उनके परिवार पर निशाना साधा। उन्होंने मंच से कहा कि डॉ. धर्मेंद्र को राजद में घुटन हो रही थी तभी वह जदयू में आए हैं। यह शरीफ हैं, इसलिए शरीफ की पार्टी में आए है।

सिंह ने कहा कि तेजस्वी यादव जैसा नेता लोगों को मुसीबत में छोड़कर भाग जाते हैं। बाढ़ के वक्त में वह अपने क्षेत्र राघोपुर तक नहीं गए थे। लोग उन्हें ढूंढ रहे थे, लेकिन वह दिल्ली में ऐश मौज कर रहे थे। अब इनसे अपना क्षेत्र नहीं संभलता है तो उनसे बिहार क्या संभलेगा। ललन सिंह ने दोहराया कि अब बिहार के लोग कभी भी राजद को अपनी बागडोर नहीं देंगे।


Next Story