Archived

अररिया लोकसभा उप चुनाव में RJD की जीत पर लगे भारत विरोधी नारे, दो लोग गिरफ्तार

Vikas Kumar
16 March 2018 6:29 PM IST
अररिया लोकसभा उप चुनाव में RJD की जीत पर लगे भारत विरोधी नारे, दो लोग गिरफ्तार
x
बिहार के अररिया लोकसभा उप चुनाव परिणाम में आरजेडी की जीत पर राजद समर्थकों द्वारा देश विरोधी नारे लगाने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

पटना: बिहार के अररिया लोकसभा उप चुनाव परिणाम में आरजेडी की जीत पर राजद समर्थकों द्वारा देश विरोधी नारे लगाने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि मामले में एक व्यक्ति फरार है। इस बीच मामले को लेकर राजनीति गरमा गई है।

अररिया के थाना प्रभारी दीपांकर श्रीज्ञान ने शुक्रवार को बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर दो आरोपियों सुल्तान आजमी और शहजाद को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि एक अन्य आरोपी आदिब रजा फरार है।

उन्होंने बताया कि तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि वीडियो में नजर आ रहे तीसरे आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बता दें इस नारेबाजी का एक वीडियो वायरल हो गया है। जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

खबर के अनुसार अररिया में महागठबंधन के राजद प्रत्‍याशी मो: सरफराज आलम की जीत के बाद कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकाला। आरोप है कि इस दौरान 'पाकिस्‍तान जिंदाबाद' व 'भारत तेरे टुकड़े होंगे' जैसे देश विरोधी नारे लगाए गए। बताया जाता है कि इस विजय जुलूस को पहले फेसबुक पर लाइव किया गया, लेकिन बाद में हटा लिया गया।

इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने इस मामले की एक प्राथमिकी गुरुवार को अररिया थाने में दर्ज की थी। स्थानीय लोगों ने आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की थी। वहीं पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

Next Story